इंदौर में शराबपार्टी के दौरान सटोरिए ने तीन पुलिसकर्मियों को मारे चाकू, अफसरों ने दबा दी घटना

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read
  • कल्लू के विरुद्ध एरोड्रम थाने में दो केस दर्ज हैं, पुलिसवालों के साथ ही उठता बैठता है। क्रिकेट का आनलाइन सट्टा भी लगाता है।
  • घटना मल्हारगंज थाना क्षेत्र स्थित नेहरु नगर में हाईराइज बिल्डिंग की है।
  • नशे की हालत में आपस में कहासुनी हो गई और कल्लू ने नीरज की पिटाई कर दी।
  • घटना के बाद तीनों पुलिसकर्मी बाणगंगा थाने पहुंचे और शून्य पर कायमी करवाई।

इंदौर। शराब पार्टी के साथ क्रिकेट मैच देख रहे पुलिसकर्मियों की उनके साथ मौजूद सटोरिए ने पिटाई कर दी। बात इतनी ज्यादा बढी की तीन को चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिसकर्मियों से जुड़ी घटना होने से अफसरों ने बात दबा दी। शून्य पर कायमी कर दूसरे थाने को जांच भेजी गई। घटना मल्हारगंज थाना क्षेत्र स्थित नेहरु नगर में हाईराइज बिल्डिंग की है। बाणगंगा थाने का सिपाही नीरज तोमर, सौरभ तोमर, राहुल शर्मा, यश और एरोड्रम का कल्लू उर्फ दिलीप शराब पार्टी और आइपीएल मैच देख रहे थे।

नशे की अवस्था में आपस में कहासुनी हो गई और कल्लू ने नीरज की पिटाई कर दी। उसको चाकू मारकर घायल कर दिया। सौरभ और यश ने बीच बचाव किया तो दोनों को जख्मी कर डाला। कल्लू के विरुद्ध एरोड्रम थाने में दो केस दर्ज हैं।
पुलिसवालों के साथ ही उठता बैठता है। क्रिकेट का आनलाइन सट्टा भी लगाता है। घटना के बाद तीनों पुलिसकर्मी बाणगंगा थाने पहुंचे और शून्य पर कायमी करवाई। घटना स्थल मल्हारगंज थाना के अंतर्गत आता है। पुलिस ने जांच के लिए केस डायरी मल्हारगंज थाना को भेजी है।

करोलबाग में लूटा था पुलिसकर्मी ने मोबाइल
पुलिसकर्मियों ने नशे की अवस्था में कुछ दिनों पूर्व घटना की थी। बाणगंगा थाना अंतर्गत आने वाले करोल बाग में जोन-2 का अजीत और क्राइम ब्रांच की महिला पुलिसकर्मी पार्टी करने पहुंचे थे। महिला पुलिसकर्मी ने एक युवती का नशे में फोन छीन लिया। रात दो बजे पीड़िता थाने पहुंची और अफसरों को घटना बताई।

Exit mobile version