इंदौर के लसूड़िया में देर रात (शुक्रवार) हत्या हो गई। दो आरोपी ने एक युवक को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के पीछे का कारण मृतक के भाई का आरोपी की बहन से बात करने को लेकर नाराजी होना बताया गया है।
लसूडिया पुलिस के मुताबिक घटना प्रकाश पेट्रोल पंप के यहां की है। यहां दुर्गेश सोलंकी की करण कुशवाह और कन्हैया कुशवाह ने चाकू मारकर हत्या कर दी। दोस्त जयेश ने बताया की विकास दुर्गेश व अन्य दोस्त सुरेश के यहां रात में बैठे थे। तभी सुरेश ने मूंगफली लाकर दे दी। सभी आपस मे बात कर रहे थे।
इस दौरान करण और कन्हैया अंदर आए इसमें करण ने दुर्गेश से कहा कि तेरा भाई गौरव मेरी बहन से बहुत बात करता है। इसके बाद करण ने चाकू निकाला और दुर्गेश के सीने में मार दिया। कन्हैया ने भी चाकू निकाल कर दुर्गेश पर वार किया। दोस्तों ने बचाव किया तो कन्हैया ने ईंट उठाकर फेंकी जो सुरेश के सिर में लगी। इसके बाद आरोपी चाकू लेकर दौड़े। बाद में दुर्गेश को बाइक से लाइफ केयर अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नहीं करेंगे अंतिम संस्कार
अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार ने कहा कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी और आरोपियों के मकान तोड़े नहीं जाएंगे तब तक मृतक का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
