भारतीय जनता युवा मोर्चा के सौरभ शर्मा ने तीन महीने पहले कैफे पर नशा बिकने की शिकायत की थी।
इंदौर। भंवरकुआं थाना क्षेत्र में कैफे संचालक व उसके साथियों ने भाजपा नेता सहित अन्य युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। घायल भाजपा नेता ने कैफे पर नशा बेचने और गुंडागर्दी करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
पुलिस के मुताबिक, श्रीकृष्ण एवेन्यू लिंबोदी खंडवा रोड़ निवासी सौरभ शर्मा की शिकायत पर शिवाय कैफे के संचालक शिवाय व विवान मुकाती पर केस दर्ज किया है। सौरभ भाजयुमो के पदाधिकारी भी है। उसने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात वह विष्णुपुरी कालोनी में कैफे के सामने खड़ा था। आरोपित नशे की अवस्था में आया और चाकू से हमला कर दिया। उसके साथ चार लोग भी थे। दोस्त शिवम अहिरवार ने बचाने की कोशिश की तो उस पर भी चाकू से हमला किया। सौरभ के मुताबिक, कैफे पर नशाखोरी होती है। असामाजिक तत्वों का जमावड़ा भी रहता है। करीब तीन महीने पूर्व उसकी शिकायत की थी। आरोपित ने इसी रंजिश में हमला किया है।
