इंदौर में त्योहार के मद्देनजर जांच अभियान:कलर मिले होने की आशंका में 750 किलो सौंफ जब्त, मिठाई-नमकीन के भी सैंपल लिए

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read

त्योहारों के मद्देनजर खाद्य विभाग की टीमों ने जांच शुरू की है। गुरुवार को टीम ने 750 किलो सौंफ जब्त की। आशंका है कि इसमें कलर मिला था। अलग-अलग क्षेत्रों में कढ़ी-फाफड़ा, काजू कतली, दूध, मसाले और नमकीन की भी जांच की। अपर कलेक्टर गौरव बैनल ने बताया कि कलेक्टर आशीष सिंह के निर्देश पर 3 दल गठित किए हैं। एक दल ने नेहरू नगर क्षेत्र में भैरवनाथ गुजराती से मावा कतली का सैंपल, चारभुजा स्वीट्स से मावा पेड़ा, मलाई बर्फी के 2 नमूने लिए। सियागंज स्थित महालक्ष्मी ट्रेडर्स सौंफ का नमूना लिया। यहां से 750 किलो सौंफ जब्त की। इसकी अनुमानित कीमत 97 हजार 500 रुपए है।
मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब की सहायता से मौके पर ही जांच
नेहरू नगर क्षेत्र में मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब की सहायता से 10 प्रतिष्ठानों में बिक रहे खाद्य पदार्थ जैसे मिठाई, नमकीन आदि की जांच मौके पर ही की गई। संचालकों को परिसर में साफ सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। सैंपल को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा।

Exit mobile version