इंदौर में तीन दिन पहले झुलसी नाबालिग की मौत : छोटे भाई के साथ अनार जला रही थी, कपड़ों में आग से बुरी तरह जला शरीर का ऊपरी हिस्सा

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के कनाड़िया में एक 17 साल की लड़की की हादसे में मौत हो गई। 3 दिन पहले पटाखे जलाने के दौरान अनार से झुलस गई थी। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उसने रविवार रात दम तोड़ दिया। पुलिस ने सोमवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंपा है। कनाड़िया पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जाहिदा हयाद (17) पुत्री परवेज खान निवासी आलोक नगर की रविवार रात चोइथराम अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि 25 अक्टूबर की शाम जाहिदा अपने घर के बाहर अनार जला रही थी। इस दौरान जलते अनार से जाहिदा के कपड़ों में आग लग गई। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गई थी।
12वीं की स्टूडेंट थी जाहिदा
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जाहिदा के साथ हादसे के समय उसका 11 साल का भाई भी मौजूद था। मृतका की मां घर के अंदर काम कर रही थी। जाहिदा निजी स्कूल में 12वीं क्लास की स्टूडेंट थी। जाहिदा पिता सिक्योरिटी सर्विस चलाते हैं।
आग लगते ही जलकर शरीर से चिपक गए सिल्क के कपड़े
जाहिदा के पिता ने बताया कि 25 अक्टूबर की शाम जाहिदा अपने 11 साल के भाई के साथ घर के बाहर पटाखे फोड़ रही थी। उसने सिल्क के कपड़े पहने थे। अनार जलाते समय उसके कपड़ों ने आग पकड़ ली। जिसमें शरीर से कपड़े चिपक गए थे। इस दौरान उसका उपरी हिस्सा बुरी तरह से झुलस गया था। उसे सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। घटना के बाद पत्नी पहले उसे मयूर अस्पताल लेकर पहुंची। लेकिन वहां उपचार नहीं होने से उसे चौइथराम अस्पताल ले गए। यहां दो दिन चले उपचार के बाद बच्ची ने दम तोड़ दिया।

Exit mobile version