- बाइक पर पीछे बैठे-बैठे सीने में उठा दर्द, अस्पताल ले गए तो मृत घोषित कर दिया।
इंदौर। युवाओं में साइलेंट अटैक से मौत के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इंदौर में छोटे भाई के साथ बाइक पर सामान लेने जा रहे युवक की साइलेंट अटैक से मौत हो गई। मामला आजाद नगर के मूसाखेड़ी का है। आजाद नगर थाना पुलिस ने बताया कि 26 वर्षीय इलेक्ट्रिशियन राहुल रायकवार की अटैक से मौत हुई है। वह शनिवार को छोटे भाई के साथ सामान लेने जा रहा था। छोटा भाई बाइक चला रहा था और राहुल पीछे बैठा हुआ था। चलती बाइक पर राहुल के सीने में दर्द हुआ और वह गिर पड़ा। भाई उसे लेकर अस्पताल पहुंचा, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। राहुल शादीशुदा था। उसकी डेढ़ साल की बच्ची भी है।
इंदौर में साइलेंट अटैक ने ली इनकी जान
- नेहरू नगर निवासी 40 वर्षीय विनय खंडेलवाल दोपहर करीब ढाई बजे घर आए थे। खाना खाने के बाद बेचैनी होने पर सो गए। एक घंटे बाद स्वजन ने उन्हें उठाया। विनय ने कहा था कि साढ़े तीन बजे मीटिंग में जाना है। शरीर से हलचल न होने पर स्वजन तत्काल निजी अस्पताल ले गए जहां डाक्टर ने कहा कि विनय की आधे घंटे पूर्व ही मौत हो चुकी है।
- पलासिया थाना क्षेत्र के विनोबा नगर में 50 वर्षीय रमेश बौरासी की भी साइलेंट अटैक से मौत हो गई थी। वे रात को खाना खाकर टहलने गए थे। थोड़ी देर बाद लौटे और सो गए। अचानक उन्हें घबराहट हुई तो स्वजन अस्पताल ले गए। डाक्टर ने परीक्षण कर मृत घोषित कर दिया।
- भंवरकुआं थाना क्षेत्र में कोचिंग में पढ़ते-पढ़ते 18 वर्षीय राजा की मौत हो गई थी। वह बीए फाइनल ईयर की पढ़ाई के साथ-साथ मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) परीक्षा की तैयारी भी कर रहा था।
- स्कीम 71 निवासी 28 वर्षीय पेंटर आशीष की साइलेंट अटैक से मौत हो गई थी। वह चंदन नगर थाना क्षेत्र के दस्तूर गार्डन के पास एक साइट पर काम कर रहा था। काम करते वक्त आशीष अचानक ही एक बाल्टी पर बैठा और कुछ देर बाद गिर गया और मौत हो गई।
