इंदौर में कब्जे के विवाद में पुलिसकर्मी पीटे, गाड़ी भी फूटी, चार पर अड़ीबाजी का केस

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read
  • जवानों ने राजेश का पक्ष लिया तो महिला और बच्चों ने मुकेश व राधे के पिटाई कर दी।

इंदौर। आपसी विवाद में समझाने गए दो पुलिसकर्मियों की एक पक्ष ने पिटाई कर दी। जिस गाड़ी से मौके पर पहुंचे उसमें भी तोड़फोड़ कर डाली। बदनामी के डर से मामला दबाना पड़ा। देर रात एक महिला व उसके बेटे को हिरासत में लिया और चार लोगों के खिलाफ अड़ीबाजी की एफआइआर दर्ज की। हालांकि पुलिस के साथ हुई मारपीट का जिक्र नहीं किया।

मामला विजय नगर थाना क्षेत्र स्थित भमौरी का है। बताते है बबलू कबाड़ी और राजेश कबाड़ी में दुकान को लेकर विवाद हो रहा था। जवान मुकेश जादौन और राधे एक पक्ष से आवेदन लेकर मौके पर पहुंच गए। इस दौरान दूसरे पक्ष से लोग एकत्र हो गए। जवानों ने राजेश का पक्ष लिया तो महिला और बच्चों ने मुकेश व राधे के पिटाई कर दी।

जिस वाहन से (इनोवा) से गए थे उसको भी फोड़ डाला। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और एक महिला व एक युवक को हिरासत में लिया। देर रात मामले में बलराम ठाकुर, महेंद्रसिंह तोमर, संगीता सोनी और अंकित के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई।

अवैध वसूली की लिखी रिपोर्ट
पुलिसकर्मियों की पिटाई का जिक्र न करते हुए आरोपितों पर अवैध वसूली का आरोप लगाया। स्कीम-74 निवासी राजेश अरोरा की तरफ से लिखी रिपोर्ट में लिखा कि वह दुकान पर बैठा हुआ था। आरोपित डंडा लेकर आए और कहा कि दुकान चलाने पर हफ्ता देना पड़ेगा। रुपये देने से इन्कार करने पर आरोपितों ने कार (एमपी 09सीसी 7788) में तोड़फोड़ कर दी।

- Advertisement -

मारपीट मामला: थाने के सीसीटीवी फुटेज जब्त
कान्ट्रैक्टर गजेंद्रसिंह सिसोदिया और उनके भतीजे अभिप्रज्ञ, भानजे विश्वराजसिंह के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस आयुक्त मकरंद देऊस्कर ने जांच शुरू करवा दी है। जोन-2 के डीसीपी अभिषेक आनंद ने विजयनगर थाने के सीसीटीवी फुटेज जब्त करवा लिए। गजेंद्र ने सिपाही शीतल राव, प्रमोद सेंगर, नीरज मीणा, अंबिका पटेल पर मारपीट कर झूठी एफआइआर लिखने का आरोप लगाया है।

Exit mobile version