प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड शहर के रहवासी और व्यावसायिक इलाकों में अवैध रूप से चल रही फैक्टरियों को हटाने के लिए कार्रवाई करेगा। सरकार से मिले निर्देश के बाद बोर्ड पूरे शहर में उत्पादन यूनिटों के लिए सर्वे करेगा। दरअसल शहर के रहवासी इलाकों में कई जगहों पर छोटी-छोटी फैक्टरियां चल रही हैं। इनमें सुरक्षा उपाय नहीं हैं। इससे हादसे का खतरा बना रहता है। साथ ही इनसे निकलने वाले अपशिष्ट पदार्थों से आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है। मशीनों का शोर, वाहनों की आवाजाही से अन्य परेशानियां भी लोगों को होती हैं। इनके पास फैक्टरी एक्ट के तहत अनुमति भी नहीं है। यह असुरिक्षत तरीके से गैस व अन्य ज्वलनशील पदार्थों का उपयोग कर रहे हैं। बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी एसएन द्विवेदी का कहना है कि जिन रहवासी इलाकों में अवैध फैक्टरियां संचालित हो रही हैं उनकी जानकारी रहवासी विभाग को मोबाइल नंबर 9425452116 पर दे सकते हैं।
