इंदौर के प्रत्याशी अक्षय बम मामले पर कांग्रेस का गोपनीय फीडबैक, जीतू पटवारी पर लापरवाही का आरोप

By Abhishek Raghuvanshi
6 Min Read

दल बदल के मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी अब भी अक्षय बम पर तीखे हमले करने से बच रहे हैं। नामांकन वापस लेने के पीछे की पूरी कहानी अब भी पर्दे में है। इस बीच दिल्ली तक कांग्रेसियों ने ही खबर भेजी है कि जीतू पटवारी चाहते तो दिग्विजयसिंह की तरह इंदौर से खुद चुनाव मैदान में उतरते। हालांकि उन्होंने उम्मीदवारी से किनारा किया।

  • इंदौर के प्रत्याशी अक्षय बम मामले पर कांग्रेस का गोपनीय फीडबैक
  • प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर लापरवाही का आरोप
  • आसपास के उम्मीदवारों ने भी की शिकायत, सहयोग नहीं कर संगठन

इंदौर: इंदौर में हुए अक्षय बम कांड की गूंज दिल्ली तक पहुंच गई है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सवालों के घेरे में है। इस बीच आलाकमान ने मामले पर रिपोर्ट तलब की है। अंदर से खबर आ रही है कि बजाय जांच कमेटी बनाने या पर्यवेक्षक भेजने के कांग्रेस मुख्यालय प्रदेश के विश्वसनीय नेताओं से इंदौर के मामले पर फीडबैक मांगा है। इंदौर से शुरू हुई जांच का लाभ उठाकर कई लोकसभा उम्मीदवारों ने भी दिल्ली को शिकायत भेजी है। इसमें प्रदेश के संगठन से सहयोग नहीं मिलने की बात भी कही गई है।

इंदौर में कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवार के नामांकन वापस लेकर दल बदल करने से कांग्रेस की पूरे प्रदेश में किरकिरी हो रही है। इंदौर में तो इतिहास में पहला मौका आया है जब कांग्रेस चुनाव मैदान से ही विलुप्त हो गई है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस के नेताओं की ओर से दिल्ली भेजी गई प्रारंभिक जानकारी में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ संगठन की नाकामी को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया गया है। बताया जा रहा है कि कांग्रेसियों ने केंद्रीय नेतृत्व से यह भी कहा है कि पटवारी अपने गृह क्षेत्र में ही चुनाव को लेकर गंभीर नहीं थे। इस बीच प्रदेश में कांग्रेस के टिकट से चुनाव लड़ रहे कई उम्मीदवारों ने भी संगठन को लेकर शिकायत दिल्ली भेज दी है।

उम्मीदवार चयन और नामांकन भी गलत
प्रदेश के नेताओं ने इंदौर के मामले में संगठन को कटघरे में खड़ा किया है। दिल्ली तक फीडबैक भेजा है कि खजूराहों में गठबंधन के उम्मीदवार का पर्चा निरस्त होने के बाद प्रदेश में अन्य जगह भी ऐसा होने की आशंका थी। इसके बाद तय हुआ था कि कांग्रेस न केवल दमदार उम्मीदवारों को मैदान में उतारेगी लेकिन उतने दमदार उम्मीदवारों को डमी उम्मीदवार के तौर पर भी खड़ा करेगी। नामांकन की जांच से लेकर उम्मीदवार तक की जांच पहले संगठन को करना था।

- Advertisement -

इंदौर में उम्मीदवार के नामांकन में संगठन ने अपनी भूमिका नहीं निभाई। बजाय वकीलों की पैनल बनाने के एक अकेले व्यक्ति को नामांकन की जांच का जिम्मा दे दिया गया। इसी के चलते डमी उम्मीदवार के नामांकन फार्म में भी त्रुटी की गई और तो और भोपाल से इस बारे में कुछ वरिष्ठ नेताओं ने चेता भी दिया था लेकिन फिर भी इंदौर पर ध्यान नहीं दिया गया।

उम्मीदवार क्यों चुना
दल बदल के मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी अब भी अक्षय बम पर तीखे हमले करने से बच रहे हैं। नामांकन वापस लेने के पीछे की पूरी कहानी अब भी पर्दे में है। इस बीच दिल्ली तक कांग्रेसियों ने ही खबर भेजी है कि जीतू पटवारी चाहते तो दिग्विजयसिंह की तरह इंदौर से खुद चुनाव मैदान में उतरते। हालांकि उन्होंने उम्मीदवारी से किनारा किया।

ऐसे उम्मीदवार को चुना गया जिस पर विधानसभा चुनाव के पहले ही एक मामले में किसी पक्ष से दबाव बन चुका था। ऐसे में भविष्य में उस मामले के फिर से उठने की आशंका थी। इस पूरे मामले को दर किनार कर अक्षय बम को चुनना लापरवाही है। इसके बाद डमी उम्मीदवार के तौर पर भी ऐसे व्यक्ति को चुना गया जिस पर संगठन के खिलाफ काम करने के लिए विधानसभा चुनाव में ही निष्कासन की कार्रवाई हुई थी।

परेशान है अन्य उम्मीदवार
मौका लाभ उठाते हुए कांग्रेस के आसपास की सीटों के कुछ उम्मीदवारों की पीड़ा भी दिल्ली तक भेज दी गई है। बताया जा रहा है कि उम्मीदवारों को प्रदेश अध्यक्ष मिलने का समय नहीं दे रहे। दिल्ली से आए संसाधन व फंड भी उन तक नहीं भेजे जा रहे। शाजापुर, आगर, कालापीपल और हाटपिपल्या जैसे क्षेत्रों में पार्टी के पदाधिकारी ही पार्टी के उम्मीदवार के लिए काम नहीं कर रहे। जिम्मेदार अन्य क्षेत्रों में घूम रहे हैं। इस बारे में प्रदेश अध्यक्ष को सूचना दी गई लेकिन ना तो वे दिल्ली से आए संसाधन भेज रहे हैं ना ही ऐसे लोगों पर कार्रवाई कर रहे हैं।।

Exit mobile version