पोलोग्राउंड में प्रथम वाहिनी के सामने इप्का लेबोरेटरी के समीप हुई घटना। अभी आग लगने का कारण पता नहीं चला है।
इंदौर। इंदौर। पोलोग्राउंड में शनिवार शाम इंक फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। आग इतनी जबरदस्त थी कि बुझाने के लिए तीन फायर स्टेशन से गाड़ियां बुलाना पड़ी। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चला है। घटना प्रथम वाहिनी के सामने इप्का लेबोरेटरी के समीप की है। फायर ब्रिगेड के मुताबिक, आग करीब साढ़े छह बजे लगी थी। रंगपंचमी पर विशाल इंक एंड केमिकल फैक्ट्री बंद थी। एसआइ (फायर) रूपचंद पंडित के मुताबिक, फैक्ट्री में काफी मात्रा में केमिकल रखा हुआ था। इस कारण फायरकर्मियों को आग बुझाने के लिए मशक्कत करना पड़ी। रात करीब साढ़े नौ बजे तक आग पर नियंत्रण कर लिया गया। फैक्ट्री के संचालक विशाल तोलानी बताए गए हैं।
इंदौर के अस्पतालों और इमारतों में नहीं सुरक्षा के इंतजाम
उल्लेखनीय है कि इंदौर में पिछले दिनों भी आग लगने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। इसे लेकर शहर की इमारतों और अस्पतालों में फायर सेफ्टी सर्वे भी हुआ था। इसमें कई अस्पतालों और इमारतों में आग से बचाव के पर्याप्त साधन नहीं मिले थे। इसे लेकर नोटिस भी जारी किए गए हैं।
