इंदौर के रेडिशन होटल में अमेरिका के प्रोफेसर विलियम माइकल रेनाल्ड्स का शव मिला। हार्ट अटैक से मौत की आशंका है। प्रोफेसर 30 अगस्त को भारत आए थे और दिल्ली में एक कांफ्रेंस में शामिल हुए थे।
अमेरिका के प्रोफेसर का इंदौर के होटल में मिला शव
हार्ट अटैक की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
30 अगस्त को आए थे भारत, कांफ्रेंस में शामिल हुए थे
इंदौर: विजय नगर थाना क्षेत्र स्थित रेडिशन होटल में सोमवार को अमेरिका के प्रोफेसर का शव मिला है, आशंका जताई जा रही है कि हार्ट अटैक से मौत हुई होगी। पुलिस के मुताबिक शिकागो(अमेरिका) के विलियम माइकल रेनाल्ड्स (36) 30 अगस्त को इंदौर आए थे। सोमवार को उन्हें जाना था। वह नार्थ पार्क यूनिवर्सिटी में एडमिशन रिप्रेजेंटेटिव के पद पर कार्यरत थे। इसी के सिलसिले में वह भारत आए थे।
दिल्ली में एक कांफ्रेंस में शामिल हुए थे
इंदौर आने से पहले वह दिल्ली में एक इंटरनेशनल कांफ्रेंस में भी शामिल हुए थे। उनसे स्टडी मेट्रो कंपनी के अविनाश बजाज मिलने के लिए आने वाले थे। उन्होंने फोन लगाया तो उठाया नहीं, जिसके बाद वह होटल के कमरा नंबर 202 में पहुंचे। लेकिन उन्होंने दरवाजा नहीं खोला। जिसके बाद स्टाफ को इसकी सूचना दी गई। स्टाफ ने दरवाजा खोला तो देखा कि वह बिस्तर पर अचेत पड़े थे। जिसके बाद एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।
बिस्तर पर अचेत मिले
रविवार को भी उनकी तबीयत बिगड़ी थी, जिसके बाद वह जांच के लिए निजी अस्पताल में गए थे। उन्हें एलर्जी की शिकायत भी थी। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ पाएगा। पुलिस ने मृतक की मां मेरियन से फोन पर चर्चा की है। उन्होंने शव को शिकागो भिजवाने के लिए कहा है। मृतक की अभी शादी नहीं हुई थी।
