इंदौर के बाणगंगा थाने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों की पिटाई और अभद्रता करने वाले एक उप निरीक्षक , एएसआई, हेडकांस्टेबल और कांस्टेबल को लाइन अटैच किया गया है । एक कालेज में दो पक्षों के बीच मारपीट के विवाद को लेकर विद्यार्थी परिषद ने थाने में प्रदर्शन किया था तब पुलिस ने छात्रों की पिटाई कर दी थी ।
मामला बाणगंगा थाना क्षेत्र के ओरिएंटल कॉलेज का है । जहां बुधवार को दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया । विवाद के बाद विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचे जहां पर मौजूद उप निरीक्षक महेश चौहान, एसआई अमर सिंह कांस्टेबल अभिषेक जायसवाल, हेड कांस्टेबल कमल कड़ियां ने विद्यार्थी परिषद के छात्रों के मारपीट और अभद्र व्यवहार किया था । थाने में लगे सीसीटीवी फुटेज में पुलिसकर्मी अभद्रता करते दिखाई दिए । इसके बाद मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारियों ने चारों पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया है । विद्यार्थी परिषद के छात्रों ने थाने का घेराव कर लगभग 2 घंटे तक हंगामा किया था ।जिस समय घटना हुई तब सीएम खुद शहर में थे । मामले में पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारी जांच पड़ताल कर आगे की कार्यवाही करेंगे
