पीपल्याहाना स्थित स्कीम 140 में पहले अग्रवाल पब्लिक स्कूल के सामने एक साल तक परेशानी का सबब बनी शराब की दुकान अब आईडीए की स्कीम आनंदवन हाईराइज के पीछे शिफ्ट हो गई है। पॉश क्षेत्र में शराब दुकान खुलने से 30 से ज्यादा कॉलोनियों के रहवासी परेशान हैं। रहवासियों ने कलेक्टर, संभागायुक्त व मेयर को पत्र लिखकर दुकान हटाने की मांग की है।
विधायक महेंद्र हार्डिया ने भी कलेक्टर को पत्र लिखकर दुकान शिफ्ट करने के लिए कहा है। आनंदवन रेसीडेंट वेलफेयर एसाेसिएशन, सिद्धार्थ नगर प्लॉट ऑनर्स एसोसिएशन सहित अन्य कॉलोनियों ने अपनी शिकायत में कहा कि यहां दुकान के पास खाली प्लॉट पर भी शराबियों का कब्जा होता है। यातायात व्यवस्था भी बिगड़ गई है।
शराबखोरी के चलते सोसाइटी के फ्लैट्स का मूल्य और किराए में भी गिरावट आई है। यहां कई आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर, वकील, सीए, व्यापारी रहते हैं। दोपहर के बाद महिला, बच्चों को निकलने में समस्या आने लगी है। हाल यह है कि लोग गैलरी में भी खड़े नहीं रह सकते। इस दुकान से 250 मीटर दूरी पर अग्रवाल पब्लिक स्कूल, कोठारी कॉलेज, फल-सब्जी की दुकानें लगती हैं।
रात 1 बजे तक खुली रहती है, आए दिन विवाद भी
रहवासियों का कहना है रात 1 बजे तक भी शराब बिकती है। इसी कारण आए दिन विवाद, गाली-गलौज होते हैं। आनंदवन रेसीडेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष और पूर्व जिला न्यायाधीश सत्येंद्र जोशी सहित अन्य पदाधिकारियों ने दुकान को तत्काल हटाने की मांग की है।
विधायक हार्डिया ने कलेक्टर से कहा नई शराब दुकान का स्थान गलत है। यहां स्कीम 140 और आसपास की कॉलोनियों के परिवार के लोग रहते हैं। इसी क्षेत्र से शासन को सर्वाधिक राजस्व भी मिलता है। नई दुकान से रहवासियों में गुस्सा है। रात तक असामाजिक तत्वों का डेरा रहता है। रहवासियों ने कहा- दुकान नहीं हटाई तो आंदोलन करेंगे।
