इंदौर के तिलक नगर इलाके में रहने वाली एक युवती ने अपने 10 साल पुराने दोस्त के खिलाफ रेप और रुपए की धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी से सोशल मीडिया से दोस्ती हुई। शादी करने के नाम पर आरोपी उसका फाइनेंशियल फायदा उठाता रहा। कार और प्रॉपर्टी खरीदने के लिए रुपए भी लिए। लेकिन बाद में शादी करने से इनकार कर दिया।
तिलक नगर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक निजी कंपनी में जॉब करने वाली एक युवती की शिकायत पर करणवीर सिंह शरण के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पीड़िता ने बताया कि जनवरी 2014 में दोनों की दोस्ती सोशल मीडिया से हुई। दोनों बात करने लगे। अच्छे दोस्त बन गए। इसके बाद मिलना-जुलना शुरू हुआ। करणवीर सिंह युवती के घर आने-जाने लगा। युवती भी उसके घर जाने लगी। करण सिंह ने युवती से कहा कि वह उसे पसंद करता है। शादी करना चाहता है। इस पर युवती ने भी हां कर दी। युवती ने बताया कि जनवरी 2024 में शादी को लेकर कहा तो उसने बोला कि वह शादी नहीं कर पाएगा। पीड़िता ने कहा कि तुमने वादा किया था, तो धोखा क्यों दिया। जिंदगी क्यों खराब की।इस पर आरोपी बोला कि सब कुछ भूल जाओ। पीड़िता ने कहा कि मैं तुम्हारी पुलिस में शिकायत कर दूंगी। इस पर आरोपी ने धमकाया कि इससे तुम्हें कुछ नहीं मिलेगा, इज्जत से हाथ धोना पड़ेगा सो अलग। इसके बाद पीड़िता ने थाने में रेप और धोखाधड़ी का केस दर्ज करा दिया।
