इंदौर- सीनियर सिटीजन की समस्याओं के समाधान हेतु इंदौर पुलिस द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत का संचालन किया जा रहा है। जिसमे पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) श्री जगदीश डावर के दिशा निर्देशन में वरिष्ठजनों की प्राप्त होने वाली शिकायतों को प्राथमिकता के साथ निराकरण के लिए प्रत्येक बुधवार को काउंसलिंग कर, बुजुर्गों की समस्याओं के समाधान हेतु हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।
इसी कड़ी में आज दिनांक 03.01.2024 को वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में, सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत के काउंसलर सदस्यों डॉक्टर आर.डी. यादव, श्री पुरुषोत्तम यादव, श्री रमेश शर्मा, श्री बी.डी. कुशगोतिया, श्री सन्नी मोदी, श्री संजय शर्मा ने उपस्थित रहकर टीम ने कॉउंसलिंग की। पुलिस पंचायत में आज कुल 6 प्रकरण प्राप्त हुए जिसमें से चार प्रकरणों का समाधान हुआ।
प्रकरण 1- आजाद नगर थाना क्षेत्र में रहने वाले वर्ग विशेष समुदाय के पिता-पुत्र के बीच उत्पन्न हुए विवाद का समाधान पुलिस पंचायत में हुआ।
70 वर्षीय वृद्ध की शिकायत यह थी कि मेरे तीन पुत्रों का बंटवारा मेरी प्रॉपर्टी में तीन हिस्से करके कर दिया गया है बड़ा बेटा मुझे रास्ते में आने-जाने में रुकावट पैदा करता है परेशान करता है, खाना खर्च भी नहीं देता है। पुलिस पंचायत टीम ने बड़े बेटे को आज समझाइश के पश्चात उसके द्वारा आश्वस्त किया गया कि रास्ते में आ रहे बर्तन मांजने की जगह को वहां से बदल देगा और पिताजी को उससे होने वाली तकलीफ दूर कर देगा।
काफी चर्चा के बाद में पिताजी भावुक हुए और उन्होंने यह कहा कि यह मेरा सबसे लाड़ का बेटा रहा है। दोनों बाप बेटे भावुक होकर बेटे ने पिताजी का हाथ पकड़ा और हाथ थामें खुशी खुशी साथ-साथ विदा हुए।
प्रकरण 2- दूसरे प्रकरण में नंदा नगर निवासी 66 वर्षीय वृद्धा एवं उसका बेटा जो एक नई किराएदार महिला की कारगुजारियों से मात्र 6 महीने में भारी परेशान हो गए थे रोते बिलखते पुलिस पंचायत में उपस्थित हुए । टीम द्वारा महिला किराएदार को बुलाने पर उसने मकान आज ही खाली करने का लिखित वचन दिया।
प्रकरण 3- परदेशीपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रहने वाली83 वर्षीय वृद्धा भी अपने पुराने किराएदार से पीड़ित हो रही थी, बीमार होने के कारण उपस्थित नहीं हुई तो उनकी ऑनलाइन काउंसलिंग की गई एवं अनावेदक उपस्थित हुए जिन्हें समझाईश के पश्चात वह भी रजामंदी से घर खाली करने के लिए तैयार हो गये।
प्रकरण 4- इसी तरह पलासिया थाना अंतर्गत रहने वाले 68 वर्ष के वृद्ध व्यक्ति के द्वारा अपने पड़ोसी से पार्किंग से संबंधित विवाद पर बार-बार झगड़ा होता रहता था एवं आए दिन होने वाले विवाद से परेशान वृद्ध ने पुलिस पंचायत की शरण ली।
पुलिस पंचायत के प्रयासों से दोनों पक्षों में आपसी सहमति काफी मशक्कत के बाद में बनी। और उन्होंने समस्या के निराकरण के संबंध में आश्वासन दिया।
इंदौर पुलिस की सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत, लगातार हर संभव प्रयास कर, बुजुर्गों की समस्याओं का समाधान करने की कोशिश कर रही है।
