सायबर अपराध की शिकायत अब सीधे थाने पर होगी:इंदौर के जोन-2 के सभी थानों में सायबर डेस्क प्रारंभ

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read

सायबर अपराधों को ध्यान में रखते हुए पुलिस आयुक्त राकेश गुप्ता और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून/व्यवस्था) अमित सिंह द्वारा निर्देश दिए गए थे कि सायबर अपराध से पीड़ित आवेदकों को इधर-उधर भटकना न पड़े और शिकायत पर त्वरित कानूनी कार्यवाही की जाए। निर्देशों के पालन में पुलिस उपायुक्त जोन-02 अभिनय विश्वकर्मा द्वारा जोन-02 के समस्त थानों में सायबर डेस्क शुरू की गई है।
पुलिस थानों में सायबर संबंधी शिकायतों को प्राप्त करने और अग्रिम कार्यवाही करने के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-02 इंदौर द्वारा पुलिस थाना विजयनगर, एमआईजी, लसुडिया, परदेशीपुरा, खजराना, तिलकनगर, कनाडिया के कर्मचारियों को चिन्हित किया गया और सभी कर्मचारियों का प्रशिक्षण कराया गया, ताकि आने वाले शिकायतकर्ताओं की शिकायत प्राप्त कर अग्रिम कार्यवाही की जा सके।
अब शिकायतकर्ता थाना पर जाकर सायबर अपराध संबंधी किसी भी प्रकार की शिकायत सायबर डेस्क में कर सकते है जैसे आनलाईन धोखाधडी बैंक से सबंधित धोखाधड़ी, ओटीपी से संबंधित धोखाधड़ी, सोशल मीडिया से संबंधित धोखाधड़ी व अन्य किसी प्रकार की सायबर संबंधी धोखाधड़ी होने पर थाने की सायबर हेल्प डेस्क में अपनी शिकायत दर्ज करा सकते है।

Exit mobile version