साथी के साथ बाइक से जा रहे मिस्त्री को इंदौर के बायपास पर मुरम से भरे ट्राले ने कुचला

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read
  • बायपास पर सहारा सिटी के सामने की घटना। तीन थानों की पुलिस घटना स्थल को लेकर उलझी रही।

इंदौर। बायपास पर सड़क हादसे में मिस्त्री की मौत हो गई। वह साथी के साथ बाइक से घर जा रहा था। मुरम से भरे ट्राले ने पीछे से टक्कर मार दी। करीब आधा घंटा तक शव ट्राले के नीचे पड़ा रहा। तीन थानों की पुलिस क्षेत्र तय नहीं कर पाई।
घटना बायपास पर सहारा सिटी के सामने की है। पटेल नगर खजराना निवासी राजा फारुख पटेल की मौत हो गई। टीआइ केपी यादव के मुताबिक, राजा टाइल्स लगाने का काम करता था। वह साथी के साथ बाइक से राऊ तरफ से खजराना तरफ आ रहा था। पीछे से आए ट्राले ने उनकी बाइक को टक्कर मारी और राजा को कुचल दिया।

आधा घंटा तक ट्राले के नीचे पड़ा रहा शव
हादसे के बाद चालक ट्राला छोड़कर फरार हो गया। इस दौरान वाहनों की लंबी कतार लग गई। शव ट्राले के नीचे पड़ा रहा। आजाद नगर, तेजाजी नगर और कनाड़िया पुलिस एक दूसरे के क्षेत्र में उलझी रही। काफी देर बाद कनाड़िया थाना के पुलिसकर्मी पहुंचे और अन्य ट्रक चालक की मदद से ट्राला हटाकर शव निकाला।

Exit mobile version