शा. अस्पतालों में एंबुलेंस संचालित करने को लेकर चल रही रंजिश में एक गुट के 6 बदमाशों ने इंदौर एंबुलेंस वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष पंकज नामदेव (39) पर चाकू से हमला कर दिया। बदमाश हमला करने एंबुलेंस से ही आए थे।
विजय नगर पुलिस के मुताबिक घटना सोमवार रात 9.30 बजे एक निजी अस्पताल के पास हुई। तीन घाव नामदेव की पीठ पर और दो कमर के नीचे लगे हैं। उनकी हालत खतरे से बाहर है। नामदेव साथियों के साथ चर्चा कर रहे थे। उसी दौरान बदमाश एंबुलेंस में आए। पंकज ने कुछ हमलावरों के नाम बताए हैं।
परिजन बोले- दीपक वर्मा ने करवाया है हमला
घायल के परिजन, ड्राइवर व अन्य का आरोप है हमले के पीछे एमवाय अस्पताल से एंबुलेंस संचालित करने वाला दीपक वर्मा और उसके साथियों का गिरोह है। ये एमवाय में दादागीरी से एंबुलेंस का संचालन करते हैं। इनके भतीजों ने साथियों के साथ हमला किया है। बताते हैं इनके खिलाफ नामदेव ने पुलिस कमिश्नर को शिकायत की थी। उसी रंजिश में हमला हुआ है।
