इंदौर के बाणगंगा में लिफ्ट ठेकेदार को बंधक बनाकर पीट दिया। उससे चैक पर साइन कराए और गाड़ी के डॉक्यूमेंट भी रख लिए। पुलिस ने इस मामले में बिल्डिंग मालिक को आरोपी बनाया है। पीड़ित ने कहा आरोपी उसे घर से ले गए और निर्माणाधीन बिल्डिंग में बंद करके मारा। मुझे बचाने आए माता-पिता को भी बुरी तरह पीटा।
बाणगंगा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रवीन्द्र सिंह पुत्र कप्तान सिंह भदौरिया निवासी मुखर्जी नगर की शिकायत पर पुलिस ने संजय शर्मा और वेदांत शर्मा निवासी 51 नंबर स्कीम पर केस दर्ज किया है। रवीन्द्र ने बताया कि उसने लिफ्ट लगाने का ठेका लिया था। जिसका काफी काम कर दिया है।
रुपए के लेनदेन की वजह से लिफ्ट का कुछ काम बाकी रह गया था। रवीन्द्र ने बताया कि 15 जुलाई को वह घर पर था। संजय और वेदांत उसके घर आए और गालियां देने लगे। दोनों ने कहा कि लिफ्ट में कुछ समस्या आ रही है, इसलिए मौके पर चलकर देख लो।
इसके बाद कार से उनके घर स्कीम नंबर 51 पर पहुंचा। यहां रवीन्द्र के माता-पिता भी पीछे दूसरी गाड़ी से आ गए। वेदांत ओर संजय ने कॉलर पकड़कर कार से नीचे उतारा और निर्माणाधीन मकान में ले गए। यहां पर पट्टे ओर चाबुक से मारपीट करने लगे।
फिर तीन लाख रुपए मांगने लगे। दोनों ने बैक डेट का चेक लिया और कार की आरसी कार भी रख लिया। माता-पिता ने बचाया तो दोनों ने उन्हें भी बेल्ट और पट्टे से पीटा। डर के चलते दो दिन तक शिकायत नहीं की। परिवार से बात करने के बाद मामले में केस दर्ज कराया।
