लंदन विलाज डकैतीकांड के आरोपित सोमला को मिली जमानत, बाणगंगा टीआइ और एसआइ लाइन अटैच

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read


जिस डकैत के लिए पुलिस ने छह दिनों तक चार जिलों में सर्चिंग की उसे पांच दिन भी नहीं रोक पाई। बाणगंगा थाना प्रभारी और एसआइ लाइन अटैच।
इंदौर। शहर में सनसनी फैलाने वाले डकैत सोमला की जिला कोर्ट से जमानत हो गई। जिस डकैत के लिए पुलिस ने छह दिनों तक चार जिलों में सर्चिंग की उसे पांच दिन भी नहीं रोक पाई। सोमला वकील के साथ जमानत लेकर गायब हो गया। उधर, पुलिस अफसरों ने कार्रवाई करते हुए बाणगंगा थाना प्रभारी और एसआइ को लाइन अटैच कर दिया है।
बाणगंगा थाना क्षेत्र की लंदन विलाज टाउनशिप, यहीं पर मैनेजर के घर में डकैती हुई थी।
बाणगंगा थाना क्षेत्र की लंदन विलाज टाउनशिप में इंडियन आइल कार्पोरेशन के मैनेजर पुष्पेंद्र सिंह के घर में डकैती हुई थी। पुष्पेंद्र और उनकी पत्नी आकांक्षा को बंधक बनाकर डकैत सोने के आभूषण और नकदी लेकर चले गए।पुलिस ने छह दिन बाद बड़ी कदवाल के डकैत सोमला को गिरफ्तार किया। पुलिस ने पांच अन्य को नामजद किया था। मंगलवार को रिमांड समाप्त होने पर पुलिस ने सोमला को दोबारा कोर्ट में पेश किया लेकिन जेएमएफसी कोर्ट से सोमला को जमानत हो गई।
पुलिस की जांच पर उठे सवाल
सोमला की जमानत से पुलिस की विवेचना पर सवाल उठ रहे है। सोमला की गंभीर धाराओं में गिरफ्तारी हुई थी। उसके खिलाफ 18 आपराधिक प्रकरण पूर्व से दर्ज है। उसमें भी 11 केस लूट और डकैती से संबंधित है। जिस मामले में जमानत हुई उसमें भी गंभीर धाराएं लगी थी।
डीसीपी से प्रतिवेदन मांगा
पुलिस से कहां चूक हुई, इसकी जांच के आदेश दिए है। जोन-3 के डीसीपी पंकज पांडे से प्रतिवेदन मांगा गया है। दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। – राकेश गुप्ता पुलिस आयुक्त

Exit mobile version