रेव पार्टी मामला:अब एसीपी बोले- फार्म हाउस खुड़ैल में, गांजा-शराब तेजाजी नगर थाना क्षेत्र से जब्त हुई

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

रालामंडल का रिवेरा फार्म हाउस जिसमें रेव पार्टी पकड़ी गई है, वह खुड़ैल और तेजाजी नगर थाने की बॉर्डर पर आता है। यहां कभी भी दोनों थानों की पुलिस नहीं आई, इसलिए इसे सबसे ज्यादा सुरक्षित मानकर हर बार पार्टी हुई है। फार्म हाउस के बाहर जहां कारें खड़ी थीं, वो तेजाजी नगर थाना लगता है और जहां पार्टी चल रही थी वो खुड़ैल में आता है। इसी का फायदा हर बार उठाया गया और दोनों थानों की पुलिस एक-दूसरे का इलाका मानकर कभी गई ही नहीं।

रेव पार्टी मामला दो थानों के बीच उलझी पुलिस
रिवेरा फार्म हाउस में चल रही रेव पार्टी में पुलिस का एक और लूप होल सामने आया है। यह फार्म हाउस रेव पार्टी और आफ्टर पार्टी के लिए नशेड़ियोें के लिए काफी प्रचलित था, लेकिन पुलिस को कभी पता ही नहीं चला कि यहां ऐसी पार्टियां भी चलती हैं। दोनों थानों की पुलिस यही सोचती रही कि हमारा थाना नहीं है, इसलिए यहां क्यों जाएं। कभी दिन में भी किसी भी थाने के बीट वालों ने जाकर यह पता नहीं किया कि यहां फार्म हाउस बना हुआ है। एसीपी आशीष पटेल के अनुसार मुझे किसी अनजान नंबर से कॉल आया था। जब मैंने जानकारी पुख्ता की तो टीम को बुलाया।

यहां जो फार्म हाउस है वो खुड़ैल और तेजाजी नगर थाने की बार्डर पर है। जिन कारों से गांजा और शराब बरामद की वो तेजाजी नगर इलाका था और फार्म हाउस का हिस्सा अंदर था, जहां खुड़ैल इलाका है। हो सकता है आरोपी इसी का फायदा उठाते हों।

आरोपियों को जेल भेजा, तीन की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी डीजे वाले अनीश और आयोजक रितेश को जेल भेजा है, जबकि इवेंट मैनेजर कशिश वाधवानी, पार्टी आयोजक सोनू गुप्ता और हितेश संघानी अभी भी फरार हैं।

- Advertisement -
Exit mobile version