रात में सफाई व्यवस्था देखने पहुंचे आयुक्त:लापरवाही पर हुए नाराज, निलंबन और वेतन काटने की कार्रवाई की

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर शहर में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने सोमवार रात रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था देखने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई काम में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई भी की। निरीक्षण के दौरान आयुक्त शिवम वर्मा ने जेल रोड और जोन क्रमांक 3, 9 और 10 में आने वाले विभिन्न क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मालवा मिल चौराहा, पाटनीपुरा चौराहा, एमआईजी थाना, विकास नगर पानी की टंकी, इंद्रप्रस्थ टावर चौराहा, रीगल चौराहा सहित कई स्थानों पर निरीक्षण किया। इस दौरान कई जगहों पर सफाई काम में लापरवाही मिली। निरीक्षण के दौरान जोन 9 के वार्ड 46 के दरोगा विजय नरवले को सफाई काम में लापरवाही और सफाई संतोषजनक नहीं मिलने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इसी प्रकार, जोन 10 के सहायक सीएसआई संजय वेद का तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। साथ ही, जोन 10 के वार्ड 43 के दरोगा राहुल का भी तीन दिन का वेतन काटने को कहा गया। जोन 10 और जोन 8 में सफाई कार्य में लापरवाही करने पर संबंधित एनजीओ के प्रतिनिधियों का पांच-पांच दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। आयुक्त शिवम वर्मा ने कहा कि सफाई व्यवस्था को सुधारने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण देना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने कार्य क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का नियमित निरीक्षण करें।

Exit mobile version