रहवासियों को फ्लैट में बंद कर लाखों रुपये के आभूषण ले उड़े चोर, सीसीटीवी भी बदं, तलाश जारी

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read
  • प‍लासिया थाना क्षेत्र में चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।
  • मनोरमागंज स्थित नव रिजेंसी में सनसनीखेज वारदात
  • परिवार सहित गोवा गए थे निजी कंपनी के अधिकार
  • चोरी से पूर्व आरोपितों ने अन्‍य फ्लैट बाहर से किए बंद

इंदौर। मनोरमागंज जैसे पाश क्षेत्र से चोर लाखों रुपये कीमत के आभूषण चुराकर फरार हो गए। चोरों ने इमारत की तीसरी मंजिल के चार फ्लैट को बाहर से बंद कर वारदात की है। इमारत में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं हैं। पुलिस करीबी इमारतों के कैमरों को खंगाल रही है।

चोरों ने चार फ्लैट को बाहर से किया बंद
पलासिया टीआइ जगदीश प्रसाद जमरे के मुताबिक वारदात मनोरमागंज स्थित नव रीजेंसी में रहने वाले आरआर गोयल के फ्लैट में हुई। निजी कंपनी के अधिकारी गोयल परिवार सहित गोवा गए हैं। शनिवार रात चोरों ने तीसरी मंजिल स्थित फ्लैट का ताला तोड़ा और सोने-चांदी के आभूषण व नकदी रुपये चुरा लिए। तीसरी मंजिल पर पांच फ्लैट हैं। चोरों ने चार फ्लैट को बाहर से बंद किया।

चौकीदार बद्री पाटिल की पत्नी सुबह साफ-सफाई करने गई तो रहवासियों ने फ्लैट की कुंडी खुलवाई। गोयल के फ्लैट का दरवाजा खुला देखा और तत्काल सूचना दी। सहयोगियों से सूचना मिलने पर एसीपी तुषारसिंह और एफएसएल अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।

ये सामान हुआ चोरी
टीआइ के मुताबिक चोर डेढ़ लाख रुपये, सोने की आठ अंगूठियां, दो हार सेट, सात ईयर रिंग, सोने की चार चेन, सोने की रखड़ी, नथ, सोने के दो कड़े, हीरा जड़ा मंगलसूत्र, सोने का मंगलसूत्र, सोने के दो ब्रेसलेट, हीरा जड़ा ब्रेसलेट, कीमती नग की अंगूठी, हीरे की अंगूठी, पांच जोड़ कमरबंद, चांदी के सिक्के चोरी होने की जानकारी मिली है। टीआइ के मुताबिक इमारत में चौकीदार भी रहता है। उसने पूछताछ में बताया कि रात को सो गया था।

- Advertisement -
Exit mobile version