रसूखदार भाई की शिकायत करने लकवा ग्रस्त भाई पहुंचा कमिश्नर ऑफिस ढाबे पर कब्जे और धमकाने का लगाया आरोप पुलिस कमिश्नर कार्यालय में कल एक लकवा ग्रस्त बुजुर्ग ने अपने रसूखदार भाई के खिलाफ कब्जे और धमकाने की शिकायत की है। उसका आरोप है कि भाई के साथ संयुक्त रूप से वह ढाबा चलाता था, वह बीमार हुआ तो भाई ने मदद की बजाय ढाबे पर कब्जा कर लिया और अब धमकियां दे रहा है । बीमार बुजुर्ग की पत्नी ने मुख्यमंत्री से इच्छा मृत्यु की मांग की है ।
पुलिस कमिश्नर कार्यालय में कल हरि नारायण वर्मा अपनी पत्नी और बच्चे के साथ पहुंचे थे । हरिनारायण वर्मा को करीब 5 महीने पहले हार्ट अटैक व लकवा का अटैक आया है। वह ढंग से चल फिर भी नहीं सकते हैं। वह पहले अपने भाई नंदकिशोर के साथ मिलकर राउ में ढाबे का संचालन करते थे । कल उन्होंने आरोप लगाया कि 5 महीने पहले उनकी तबीयत बिगड़ी तो भाई ने दगाबाजी करते हुए ढाबे पर कब्जा कर लिया। वह खाने तक को मोहताज हो गए। आसपास के लोगों से मदद लेकर घर का राशन भरवाया है । उनकी पत्नी संगीता का कहना है कि पति को हार्ट अटैक भी आया है, उनकी हालत बेहद खराब हो गई अब वह अपने जेठ नंदकिशोर से मदद मांगती है तो उन्हें धमकियां मिलती है। उन्होंने सामाजिक स्तर पर अपना हक अधिकार मांगने की कोशिश की तो उन्हें धमकियां मिली है। उनका आरोप है कि राउ थाने में शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हुई। कल पुलिस कमिश्नर से गुहार लगाई गई है। परिवार का कहना है वह बेहद आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं । बड़े भाई के पास बड़ा राजनीतिक पद है और वहीं उन्हें धमका रहा है। उन्होंने कहा उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है वह प्रदेश के मुखिया से इच्छा मृत्यु की मांग कर रही है। इधर मामले में नंदकिशोर वर्मा से बात करने की कोशिश की गई लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।
