रजिस्ट्रेशन में देरी, लक्ष्मी नगर मंडी में किसानों का हंगामा

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

गुरुवार को लक्ष्मीबाई नगर अनाज मंडी में नीलामी को लेकर किसानों में असंतोष पैदा हो गया। उन्होंने हंगामा किया और नीलामी रकवा दी। कारण था ऑनलाइन नीलामी की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया। किसानों का आरोप है कि हम देर रात से यहां आए हुए हैं। मंडी कर्मचारियों ने हमारी उपज बेचने के बजाय उन किसानों की उपज नीलाम करना शुरू की जो सुबह आए हैं। मंडी प्रशासन का कहना है ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में किसानों की पर्ची निकलने में थोड़ी देरी हुई, जिसके चलते उन्होंने हंगामा किया।
संयुक्त किसान मोर्चा के रामस्वरूप मंत्री, बबलू जाधव, शैलेंद्र पटेल, चंदन सिंह बड़वाया ने बताया कि मंडी प्रशासन ने नीलामी की नई व्यवस्था लागू की है, जिसके तहत ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और पर्ची बनाई जाती है जबकि इस पूरी व्यवस्था की किसानों को कोई जानकारी नहीं दी गई।
इसके चलते नैनोद और आसपास के गांवों के किसान महेश पटेल, संजय सिसौदिया, राहुल पटेल, राजेश सिसौदिया अपनी उपज बेचने के लिए देर रात को ही मंडी में लाए थे। किसानों की मांग है कि जब तक किसानों को नई नीलामी व्यवस्था की पूरी जानकारी नहीं होती है तब तक पुरानी व्यवस्था लागू हो। साथ ही ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी का प्रचार किया जाए, किसानों को प्रशिक्षित करने के लिए मंडी प्रशासन प्रशिक्षण शिविर लगाए। इसके बाद ही ऑनलाइन पंजीयन और पर्ची काटने की व्यवस्था लागू की जाए।

Exit mobile version