- कनाड़िया थाना क्षेत्र के बायपास की घटना। बचाने आए बुजुर्ग को बदमाशों ने पीटा, चाकू दिखाकर डराया।
- महिला सुबह करीब सात बजे बायपास पर साइकिलिंग कर रही थी, इसी दौरान बाइक सवारों ने रोक लिया।
- बदमाशों ने इज्जत लूटने की कोशिश की तो महिला ने जेवर दे दिए। पुलिस ने तीन दिन बाद रिपोर्ट लिखी है।
- बदमाशों ने महिला से मारपीट और धक्का-मुक्की भी। उसके एक हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, उसे आपरेशन करवाना पड़ा।
इंदौर। अपराधियों में पुलिस का जरा भी खौफ नहीं है। महिला-पुरुष, युवक-युवतियों को सरेराह लूटा जा रहा है। विरोध करते ही चाकू मार देते हैं। बायपास पर तो साइकिलिंग कर रही महिला की इज्जत लूटने की कोशिश की गई। महिला ने चेन और मंगलसूत्र देकर इज्जत बचाई। पुलिस ने तीन दिन बाद रिपोर्ट लिखी है। घटना कनाड़िया थाना क्षेत्र स्थित बायपास की है। 29 वर्षीय महिला सुबह करीब सात बजे साइकिलिंग करने गई थी। टाइल्स शोरूम के सामने अचानक बाइक सवार आए और महिला को रोक लिया। एक बदमाश ने चाकू खोला और कहा कि गंदी हरकत करने दो। महिला घबरा गई। उसने चेन और मंगलसूत्र निकालकर दे दिए। बदमाशों ने महिला के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की भी। उसके एक हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। निजी अस्पताल में आपरेशन करवाया गया है।
टहलने वालों की रैकी करते हैं बदमाश
महिला ई-कामर्स कंपनी में नौकरी करती है। वह सुबह-सुबह टहलने और साइकिल चलाने जाती है। लुटेरे टहलने वालों की रैकी कर रहे थे। लोगों की मदद से सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो एक स्क्रैप व्यापारी ने कहा कि इस घटना के पूर्व भी एक महिला को रुपयों के लिए पीटा था।
बस-कार और बाइक वाले अनदेखा कर निकलते रहे
मैं संचार नगर से कनाड़िया रोड की तरफ आ रही थी। बदमाशों ने पीठ पर हाथ लगाकर धक्का लगाया। मैंने उन्हें ललकारा तो पलटे और चाकू खोलकर खड़े हो गए। मुझसे कहा कि थोड़ी हरकत करने दो। चेन-मंगलसूत्र निकाल दो। एक बुजुर्ग रुके तो उन्हें चांटे मारे और चाकू मारने की कोशिश की। स्कूल बस, कार, बाइक निकली लेकिन कोई नहीं रुका। मैंने कहा कि हरकत मत करना। मैं सब दे देती हूं। लुटेरों ने चेन और मंगलसूत्र छीन लिए। मुझे साइकिल से ऐसा गिराया कि दाएं हाथ में फ्रैक्चर हो गया। पति को घटना बताई और सीधे अस्पताल पहुंचे। हाथ में तार डले हैं।
