इंदौर शहर के जूनी इंदौर थाना में गुरुवार दोपहर को एक मानसिक रोगी द्वारा वीडियो बनाया गया जो काफी वायरल हुआ था। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने बाकायदा थाने के अंदर जाकर सिगरेट पीते हुए अपना वीडियो बनाया और उसे वायरल कर दिया। इस मामले ने डीसीपी झोन 4 मैं थाने पर मौजूद ड्यूटी ऑफिसर और एचसीएम के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए निर्देश जारी किए हैं।
दरअसल पूरी घटना गुरुवार सुबह 11 बजे के लगभग की है। इस मामले में एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में रहने वाले मानसिक रोगी का नाम दुष्यंत डाबरे है। दुष्यंत ने गुरुवार के दिन जूनी इंदौर थाने के अंदर जाकर सिगरेट पीते हुए और अपशब्दों का प्रयोग करते हुए अपना एक वीडियो बनाया और उसे वायरल कर दिया। जैसे ही यह वीडियो झोन 4 के अधिकारियों को पता चला तो तत्काल थाने पर एसीपी देवेंद्र धुर्वेद पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। एसीपी को ही पुलिस छानबीन में यह पता चला कि थाने में घुसा व्यक्ति मानसिक रूप से बीमार है, और उससे पूछताछ कर समझाइश देकर छोड़ दिया गया।
लेकिन इस पूरे ही मामले में जूनी इंदौर थाने में पदस्थ पुलिस कर्मियों की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। अगर दुष्यंत एक मानसिक रोगी नहीं होता और कोई आदतन अपराधी होता तो वह माल खाने में जाकर हथियारों का प्रयोग कर सकता था या अन्य किसी तरह से जान माल की हानि पहुंचा सकता था। डीसीपी जोन 4 ऋषिकेश मीणा ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए थाने पर उस समय मौजूद ड्यूटी ऑफिसर एसआई प्रकाश सोलंकी और हेड कांस्टेबल अशोक पाटीदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
