महिला एसआई ने दी लठ्ठमार होली की चेतावनी, अधिकारियों ने दिए कार्रवाई के आदेश

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read
  • इंटरनेट मीडिया वायरल होने के बाद दिया नोटिस।

लसूड़िया थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर खुशबू परमार को इंटरनेट मीडिया के लिए रील बनाना महंगा पड़ गया। वह रील में पुलिस की गाड़ी में लोगों को शाम चार बजे तक ही होली खेलने की हिदायत देती नजर आ रही है। धमकीभरे अंदाज में यह भी कहते नजर आ रही है कि शाम चेा बजे बाद घर नहीं गए तो पुलिस लट्ठमार होली खेलेगी। यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ और मामला पुलिस के बड़े अधिकारियों तक पहुंच गया। इसके बाद उन्होंने कार्रवाई के निर्देश दिए।

दरअसल, पुलिसकर्मी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से यह वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह पुलिस की गाड़ी में बैठकर वायरलेस सेट से आम जनता को लट्ठमार होली की चेतावनी देती नजर आ रही है। यह भी कह रही थी कि जनता से निवेदन है, आचार संहिता का ध्यान रखें। इस मौके पर आप अपने घर में रहें वरना पुलिस द्वारा लट्ठमार होली का आयोजन किया जाएगा।
बता दें कि पुलिसकर्मी के इंस्टाग्राम पर करीब 45 हजार फालोअर हैं। वीडियो को लेकर कानून की एक छात्रा ने निर्वाचन आयोग और सरकार को ‘एक्स’ पर पोस्ट के जरिये कार्रवाई की मांग की है। इंदौर पुलिस का कहना है कि वीडियो को बड़े अधिकारियों ने संज्ञान में लिया है और उसकी जांच की जा रही है। इस मामले में डीसीपी ने शोकाज नोटिस भी जारी किया है।

सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी।
पुलिस कमिश्नर ने भी सब इंस्पेक्टर पर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। डीसीपी अभिनव विश्वकर्मा के मुताबिक शहर में सभी नागरिकों ने अपने समय से होली मनाई। इस तरह का कोई आदेश नहीं था। रील बनाई तो गलत है, इस पर कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version