इंदौर के एरोड्रम इलाके में पिछले दिनों खाना खाकर टहल रही महिला के साथ चेन लूटने वाले दो आरोपी पकड़े गए। आरोपियों ने द्वारकापुरी में भी 70 साल की महिला से हार लूटा था। दोनों आरोपी सदर बाजार इलाके में रहते हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से अभी और पूछताछ कर रही है।
डीसीपी विनोद मीणा ने जानकारी देने हुए बताया कि इलाके में रहने वाली एक जैन महिला और द्वारकापुरी में 70 साल की कांता निवासी विष्णुपुरी के साथ हुई लूट के मामले में पुलिस ने सोनू उर्फ आसिफ निवासी भिश्ती मोहल्ला और उसके साथी जफर को पकड़ा है। आरोपियों ने दोनों लूट की वारदात करना कबूल किया है।
आरोपी पहले भी लूट की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। वह औरंगाबाद भाग गए थे। इसके बाद लगातार सीसीटीवी कैमरों से नजर रखकर पुलिस आरेपियों के पीछे लगी थी। उनके इंदौर लौटते ही मुखबिरों की सूचना पर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल दोनों का रिमांड लेकर पूछताछ की जा रही है।
इधर एलआईजी इलाके में लूट के मामले में पुलिस ने आरोपीयों को 24 घंटे के भीतर पकड़ा है। मामला अमर विलास होटल के पास का है। आरोपियों ने जितेन्द्र धूले के साथ जानलेवा हमला कर मोबाइल लूट का प्रयास किया था।
फरियादी ने पुलिस को शिकायत में बताया था कि शाम करीब 06ः30 बजे वह सिलाई का काम खत्म करके घर जा रहा था। अमर विलास होटल के पास खड़े होकर मोबाइल पर बात करने लगा। तभी दो बाइक पर आए चार लड़कों ने बोले कि यहां क्यों खड़ा है इस बात पर विवाद होने लगा। मेरे ऊपर धारदार चाकू से सिर, कमर और पैर में हमला कर दिया।
युवक की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों में दो आरोपियों आदित्य एवं भूपेंद्र को गिरफ्तार किया गया है जबकि दो नाबालिक अभी फरार है जिनकी तलाश की जा रही है। आरोपीगण कृष्णबाग के रहने वाले हैं और मोबाइल लूट के उद्देश्य घटना को अंजाम दिया था। आरोपी आदित्य से घटना में चाकू एवं भूपेंद्र से लूटा गया मोबाइल एवं मोटरसाइकिल बरामद की गई है।अपने नशे एवं अन्य शोक पूरा करने के लिये आरोपी घटना को अंजाम देते थे। आरोपी आदित्य के मारपीट एवं लड़ाई झगड़े के दो पुराने आपराधिक रिकार्ड भी हैं। आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेकर अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ के बाद न्यायालय पेश किया जायेगा।
