इंदौर के कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में मप्र के मंत्री कैलाश विजयर्गीय के स्वागत का मामला अभी ठंडा नहीं हुआ था। इस कार्यक्रम में शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीतसिंह चड्ढा भी मौजूद थे। इस पर आरोप- प्रत्यारोप और शिकायतों का लंबा सिलसिला चल रहा है।
कांग्रेसियों ने ऊपर भेजी शिकायत, अब सुरजीतसिंह चड्ढा ने जारी किए पुराने फोटो।
चड्ढा ने सामान्य शिष्टाचार व अतिथि सत्कार की परंपरा निर्वहन का दिया था हवाला।
इंदौर। बीते महीने गांधी भवन में भाजपा नेता के अतिथि सत्कार पर घिरे कांग्रेस अध्यक्ष की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। अब यह बात भी सामने आई कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से मुलाकात के लिए शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीतसिंह चड्ढा ने नया भगवा कुर्ता मंगवाकर पहना था। कांग्रेसियों ने यह शिकायत आलाकमान को भेजी है।
अब नए कुर्ते की शिकायत
भाजपा नेता के अतिथि सत्कार मामले में तब शहर अध्यक्ष से जवाब मांगा था तो उन्होंने सामान्य शिष्टाचार और अतिथि सत्कार की परंपरा के निर्वहन की मजबूरी का हवाला दिया था। अब कांग्रेसियों ने नए कुर्ते की शिकायत ऊपर भेजकर यह साबित करने की कोशिश की है कि यह सामान्य शिष्टाचार नहीं बल्कि भाजपा नेता के प्रति लगाव को साबित करता है।
झूठ फैला रहे हैं
पहले से मेरे पास वो कुर्ता था। मुझे रेडीमेड की फिटिंग नहीं आती। दिग्विजयसिंहजी ने कहा है कि अपना काम करते रहो। अपना जवाब मैं दे चुका हूं कि पार्टी यदि मेरी गलती मानती है तो मैं क्षमा प्रार्थी हूं। कुर्ते को लेकर कुछ लोग झूठ फैला रहे हैं।-
सुरजीतसिंह चड्ढा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के गांधी भवन में हुए स्वागत के बाद से ही शहर और जिला कांग्रेस में खलबली मची हुई है।
इस मामले में नोटिस के बाद संगठन को लिखित जवाब तो शहर और जिला अध्यक्ष पहले ही दे चुके हैं। दो दिन पहले चड्ढा ने भोपाल पहुंचकर वरिष्ठ नेता दिग्विजयसिंह से मुलाकात की।
कांग्रेसी कह रहे हैं कि इससे चड्ढा को राहत का आश्वासन नहीं मिला। नए शहर अध्यक्ष के दावेदारों ने अपने नाम ऊपर पहुंचाना भी शुरू कर दिया है।
इस बीच कुछ पदाधिकारियों ने एक शिकायत के साथ कुछ तस्वीरें, दुकान का नाम और कुर्ता खरीदने वाले की जानकारी भोपाल-दिल्ली तक भेज दी है।
इसमें कहा कि चड्ढा ने उस दिन किसी के जरिए पहले भगवा कुर्ता खरीदकर मंगवाया। 1550 रुपये में कुर्ता आया। गांधी भवन में ही सफेद कुर्ता बदलकर भगवा पहना और फिर भाजपा नेताओं की अगवानी की।
कुर्ता पुराना या नया
सुरजीतसिंह चड्ढा ने अपनी ओर से भगवा कुर्ते में महीनों पुरानी अपनी तस्वीर साझा कर कहा कि विजयवर्गीय के स्वागत के समय पहना कुर्ता पुराना ही है। नया खरीदने की बात झूठी है। चड्ढा ने यह भी कह दिया कि मुझे तो रेडीमेड कुर्ता फिट ही नहीं आता।
दोनों तस्वीरों के कुर्तों में अंतर निकाल दिया
इस बीच शिकायत करने वालों ने दोनों तस्वीरों के कुर्तों में अंतर निकालकर दावा किया है कि पुराने कुर्ते में लकड़ी के बटन के साथ जेब थी। नए कुर्ते में दोनों ही नहीं हैं। रंग भले ही समान हो लेकिन नए कुर्ते की लंबाई और कपड़ा सब अलग है। यह भी दावा किया है कि सीसीटीवी फुटेज से साफ हो जाएगा कि गांधी भवन में सफेद कुर्ता पहन वे दाखिल हुए थे तो अंदर जाते ही कुर्ते का रंग कैसे बदल गया।
