भाजपा नेता की हत्या के लिए मिली थी सुपारी, वारदात से पहले ही थाने पहुंच गया शूटर, किया ये खुलासा

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read
  • भाजपा की नेता की सुपारी के मामले में शूटर वारदात से पहले ही पुलिस के पास पहुंच गया और दावा किया कि शाकीर उससे शैलेंद्र की हत्या करवाना चाहता है।
  • भाजपा नेता की हत्‍या की सुपारी का मामला
  • पुलिस के समक्ष पहुंचा शूटर
  • मामले की जांच कर रही पुलिस

इंदौर। हिंदू संगठन से जुड़े शैलेंद्र सिंह पवार (देवास) की सुपारी के मामले में चंदन नगर पुलिस ने शुक्रवार रात गैंगस्टर शाकीर उर्फ चाचा के शार्पशूटर इमरान उर्फ खोपरा पाक से पूछताछ की। इमरान ने दो दिन पूर्व देवास पुलिस के समक्ष प्रस्तुत होकर दावा किया था कि शाकीर उससे शैलेंद्र की हत्या करवाना चाहता है।

टीआई इंद्रमणी पटेल के मुताबिक इमरान निवासी अम्मार नगर शाकीर गैंग का सदस्य है और जीतू यादव हत्याकांड में शामिल रहा है। करीब छह माह पूर्व ही वह जेल से बाहर आया है। इमरान का दावा है कि शाकीर ने देवास से भाजपा नेता शैलेंद्र की सुपारी ली है। शैलेंद्र भी हत्या सहित कई मामलों में आरोपित है और फिलहाल जमानत पर छूटा है। वह देवास में राम-राम नामक संस्था भी संचालित करता है।

देवास पुलिस के समक्ष भी दिए बयान
इमरान ने शाकीर पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह शैलेंद्र की हत्या करने के लिए दवाब बना रहा है। हालांकि उसने यह कहते हुए हत्या से इंकार कर दिया कि पूर्व में दर्ज मामलों में शाकीर ने उसकी कोई मदद नहीं की थी। यही बयान उसने देवास पुलिस के समक्ष भी दिए हैं।

शूटर के अपराधियों से हैं गहरे संबंध
टीआई के मुताबिक इन सभी बातों का सत्यापन करने के लिए इमरान को तलब किया गया था। छत्रीपुरा निवासी शाकीर सुपारी लेकर हत्या करता है और फिलहाल वह देवास जिले में सक्रिय है। उसके रतलाम, नागदा, खाचरोद, उज्जैन, मंदसौर, प्रतापगढ़ और नंबाहेडा के पेशेवर अपराधियों से गहरे संबंध हैं।

- Advertisement -
Exit mobile version