बीच शहर वारदात:56 दुकान के पास बंगले में घुसे नकाबपोश बदमाश, साड़ी व्यापारी पर टॉमी से हमला कर जेवर-नकदी लूटे

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read

56 दुकान के पास रात 3 बजे हथियारों से लैस नकाबपोश बदमाश साड़ी व्यापारी पर जानलेवा हमला कर जेवर और नकदी लूट ले गए। बदमाश बंगले की पहली मंजिल पर चोरी कर रहे थे, तभी डेंटिस्ट पत्नी को किसी की आहट हुई। उन्होंने पति को जगाया। पति जब ऊपर देखने गए तो बदमाशों ने टॉमी से हमला कर दिया। सिर में वार किया और पेट में भी टॉमी घुसा दी। व्यापारी गंभीर है।

तुकोगंज पुलिस के अनुसार घटना बंसी ट्रेड सेंटर के सामने स्थित लाल बंगले की है। यहां रहने वाले व्यापारी पलाश (29) पिता राजेंद्र जैन को पत्नी परिधि और मां हीरामणि ने अस्पताल में भर्ती करवाया है। पलाश ने बयान में कहा कि वे और पत्नी हॉल में सो रहे थे। कमरे में मां और पहली मंजिल पर बहन सो रही थी। शुक्रवार रात 3.30 बजे पहली मंजिल पर किसी की आहट हुई। पत्नी को लगा कि बहन किचन में होगी, लेकिन जब आवाज बढ़ी तो पत्नी ने मुझे उठाया।

मैं ऊपर गया तो देखा कि वहां 2 लड़के सामान चुरा रहे हैं। एक ने नारंगी रंग का तो दूसरे ने सफेद रंग का गमछा मुंह पर बांधा था। मैंने उन्हें रोकने की कोशिश की तो नारंगी गमछे वाले लड़के ने उसके हाथ में रखी लोहे की टॉमी से मेरे सिर, हाथ व पेट पर मारा। चक्कर आने के साथ ही खून निकलने लगा। यह देख पत्नी चीखी तो मां और बहन भी जाग गए। वे ऊपर आए और फिर मुझे नीचे लेकर आए। तब तक बदमाश भाग गए थे।

अस्पताल में देरी से इलाज मिला
70 वर्षीय मां का आरोप है कि अस्पताल वालों ने कहा कि यह तो पुलिस केस है, इसलिए बाद में इलाज होगा। जब हमने जोर दिया तो बोले कि अभी तो डॉक्टर भी नहीं है। सुबह 9 बजे बाद इलाज शुरू होगा। हमने कई लोगों को फोन लगाया, तब इलाज शुरू हुआ। बदमाशों ने बेटे के पेट में टॉमी घुसा दी, जिससे आंत में असर हुआ है। बेटे का ऑपरेशन हुआ है और वह अभी आईसीयू में है।

- Advertisement -

कैमरे हैं, लेकिन रिकॉर्डिंग नहीं
मां ने बताया कि उनके घर में 7-8 कैमरे हैं, लेकिन उनमें रिकॉर्डिंग नहीं होती है। कैमरे वाले ने आज तक उसे ठीक नहीं किया। हमारे यहां पहले भी दो बार चोरी हो चुकी है। पिछली बार एक महीने पहले ही आए चोर ने जेवर चुरा लिए थे। उसे तुकोगंज पुलिस ने पकड़कर आधा माल भी जब्त कर लिया था। एक बार और चोरी हो चुकी है। बंगले में ड्राइवर सहित 5 नौकर काम करते हैं।

पिछले साल हुई शादी
मां के अनुसार बेटा राजबाड़ा क्षेत्र में साड़ी की दुकान संचालित करने के अलावा रियल एस्टेट का काम भी करता है। बेटे की पिछले साल शादी हुई। दोनों ऊपरी मंजिल में अपने कमरों का रिनोवेशन करवा रहे थे। इसलिए 7-8 दिन से काम वालों का आना-जाना लगा हुआ था। लग रहा है कि काम वालों ने ऊपर का दरवाजा खुला छोड़ दिया। चोर उसी से घुसे थे।

2 संदिग्ध दिखे फुटेज में
डीसीपी जोन 3 पंकज पांडे ने बताया, फुटेज में दो बदमाश एक्टिवा से आते दिखे। पहले गाड़ी साइड में लगाई और फिर सुबह 4 बजे जाते दिखे। उनके आने और जाने के लिए फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हो सकता है कि इसमें काम वाले भी शामिल हो, क्योंकि पहली मंजिल का दरवाजा खुला होने से बदमाश अंदर घुसे थे।

Exit mobile version