प्रताड़ना के केस में समझौता नही कर रही थी पत्नी:दोस्तों को लेकर पहुंचा पति, पूरे परिवार की डंडों से की पिटाई

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के लसूड़िया में मायके में रह रही एक महिला ने पति के खिलाफ पूर्व विवाद के चलते प्रताड़ना और मारपीट का केस दर्ज कराया। पीड़िता इस मामले में समझौता नहीं कर रही थी। इसे लेकर आरोपी दोस्तों को लेकर ससुराल पहुंचा और पत्नी,सास,ससुर और साली की डंडों से बुरी तरह से पिटाई कर दी। हमले के दौरान साली बेहोश हो गई। आसपास के लोगों ने बचाव किया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति और उसके साथियों पर एक और केस दर्ज कर लिया है। लसूड़िया पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सोनू बड़ोलिया की शिकायत पर उसके पति राहुल बड़ोलिया और उसके साथियों पर केस दर्ज किया गया है। सोनू ने बताया कि उसकी शादी ग्राम पालिया में 2015 में हुई थी। शादी से दो बच्चे हैं। पति ने दो माह पहले मारपीट की। जिसमें मांगलिया चौकी पर केस दर्ज कराया और अपने माता-पिता के पास ग्राम अरंडिया में आ गई।

एक दिन पहले रात में पति राहुल अपने साथियों के साथ पहुंचा और गालियां देने लगा। पिता आवाज सुनकर बाहर आए। तो उन्हें घेरकर सभी ने डंडों से पीट दिया। वह सड़क पर गिर गए। उन्हें सभी बुरी तरह से पीटते रहे। पिता की आवाज सुनकर सोनू बाहर आई तो पति ने उसे भी मारा। तभी मां सुनीता चौहान और बहन तन्नू भी बाहर आ गए। उन्होंने बचाव किया। तब तन्नू को लात-घूंसों से बुरी तरह से मारा। वह बेहोश हो गई। राहुल और उसके साथी उसे सड़क पर घसीटते हुए ले गए।

इस बीच आसपास के लोग इकट्‌ठा हो गए। उन्होंने राहुल और अन्य लोगों को रोका। तब राहुल ने कहा कि इन्हें समझाना की पुराने वाले मामले में समझौता करें और चुपचाप अपने घर चले। तभी इन्हें छोड़ेंगे। बाद में बहन और पिता को अस्पताल भेजा। यहां उपचार के बाद पति राहुल और उसके साथियों के बारे में पुलिस को जानकारी दी।

Exit mobile version