पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी से लाखों का कॉपर वायर चोरी, फुटेज मिले

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read

बाणगंगा क्षेत्र में एक ट्रांसफार्मर कंपनी में लाखों रुपए के कॉपर वायर आैर लोहे का स्क्रैप चोरी होने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने देर रात कंपनी में घुसकर कई क्विंटल कॉपर वायर और मशीनरी के पार्ट्स चुरा लिए। सुबह कंपनी संचालक कारखाने पहुंचे तो चोरी का पता चला। उन्हें कैमरे में कुछ संदिग्ध लोग नजर आए हैं। फुटेज पुलिस को सौंपे हैं। पुलिस के अनुसार फरियादी प्रियांश पिता अजित कुमार जैन निवासी कनािड़या की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज किया गया है। उसकी बरदरी स्थित हाइड्रोन पॉवर ट्रांसमिशन नामक कंपनी है। प्रियांश ने बताया वे 8 अगस्त की रात ताला लगाकर चले गए थे।
अगली सुबह कंपनी लौटे तो कॉपर क्वाइल बिखरी हुई थीं। चेक किया तो लोहे की चद्दर के स्क्रू खुले पड़े थे, वहीं से बदमाश घुसे थे। प्रियांश की कंपनी में लगे कैमरों में तस्वीरें साफ नहीं आई हैं, इस पर उन्होंने पड़ोस की सनातन कंपनी के कैमरे के फुटेज भी चेक किए। उसमें रात करीब 3 बजे बदमाश घुसते हुए दिखाई दिए। कुछ संदिग्ध व्यक्ति टार्च की रोशनी में आसपास की फैक्ट्रियों की रैकी करते हुए दिखे हैं। पुलिस ने फुटेज ले लिए हैं।

Exit mobile version