लसूड़िया पुलिस ने युवाओं को ब्राउन शुगर का नशा उपलब्ध करवाने वाले एक पैडलर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस चेकिंग पाइंट पर पुलिस को देख भागने की कोशिश में था। जवानों ने उसे पीछा कर दबोचा तो उससे ब्राउन-शुगर मिल गई। यही नहीं आरोपी दो साल पूर्व भी ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार हो चुका है।
लसूड़िया टीआई तारेश सोनी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी साहिल उर्फ ओमप्रकाश उर्फ छोटू पिता कन्हैय्यालाल यादव निवासी इमली वाली गली भागीरथपुरा है। रविवार को क्षेत्र में चेकिंग पॉइंट लगा था, तभी आरोपी अपनी स्कूटी से पुलिस को देख भागने लगे। चेकिंग में लगे जवानों ने संदेह होने पर पीछा कर उसे रोका।
तलाशी ली तो उसकी गाड़ी में मोबाइल फोन रखने वाले स्थान पर प्लॉस्टिक की पन्नी में 10 ग्राम ब्राउन शुगर मिली। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इसके थानों से रिकॉर्ड खंगाले तो पता चला इस पर पहले के चार अपराध दर्ज हैं। वर्ष 2022 में इसे बाणगंगा पुलिस ने 180 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया था।
जेल से छूटने के बाद वह फिर से मादक पदार्थों की तस्करी करने लगा। इससे इसकी स्कूटी और मोबाइल जब्त कर इसकी लिंक मादक पदार्थों की लिंक का पता लगाया जा रहा है।
