पुलिस के ऑफिशियल ग्रुप पर भेजे अश्लील वीडियो:डीसीपी बोले- ऐसा करना ठीक नहीं, कार्रवाई करेंगे

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के भंवरकुआ थाने में पदस्थ पुलिस के एक हेड कांस्टेबल ने पुलिस के ऑफिशियल व्हॉट्स एप ग्रुप पर अश्लील वीडियो भेजने का मामला सामने आया है। अधिकारियों ने मामले सामने आते ही वीडियो डिलीट कराया और केस थाना स्तर पर रफा-दफा कर दिया गया। लेकिन डीसीपी ने इस मामले की जांच एडिशनल डीसीपी को सौंप दी है। मामला कुछ दिन पहले का बताया जा रहा है। यह व्हॉट्सएप ग्रुप भंवरकुआ थाने का ऑफिशियल ग्रुप है। इसमें थाना स्टाफ के साथ एसीपी देवेंद्र धुर्वे भी जुड़े हैं। थाने की महिला पुलिसकर्मी भी इसी ग्रुप में हैं। इस ग्रुप के एडमिन भंवर कुआ थाना के टीआई राजकुमार यादव हैं।
अगस्त 2023 में भी डाले थे वीडियो
जानकारी के हेड कांस्टेबल ने अगस्त 2023 में भी इस तरह के वीडियो ऑफिशियल ग्रुप पर डाले थे। तब थाने के स्टाफ ने आपति ली थी। महिला स्टाफ ने टीआई से शिकायत की थी लेकिन तब कार्रवाई नहीं हो पाई।
विधानसभा में एसीपी ऑफिस में हुए थे अटैच
हेड कांस्टेबल की पोस्टिंग भंवरकुआ थाने पर चौथी बार हुई है। उनकी अधिकतर नौकरी भंवरकुआ, जूनी इंदौर और रावजी बाजार में रही है। विधानसभा चुनाव के दौरान उनकी शिकायत हो चुकी है। तब उन्हें एसीपी जूनी इंदौर के यहां अटैच कर दिया गया। लेकिन चुनाव निपटने के बाद फिर से वह भंवरकुआ थाने में पदस्थ हो गए।
डीसीपी बोले- सख्त कारवाई करेंगे
डीसीपी ऋषिकेश मीना के मुताबिक इस मामले में मुझे अभी जानकारी लगी है। एक पुलिसकर्मी के लिये यह बात ठीक नहीं है। उसने थाने के ग्रुप में इस तरह की हरकत की है। काफी निंदनीय है। इस मामले में एडिशनल डीसीपी को जांच करने के लिए कहा है। दोषी को बख्शेंगे नहीं, सख्त कार्रवाई करेंगे।

Exit mobile version