पीथमपुर के सेक्टर एक थाना क्षेत्र पुलिस में प्रदेश स्तर पर चल रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत दस महीने में 30 नाबालिगों को दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया गया। शहर में लगातार नाबालिग लड़कियों के अपहरण की घटनाएं घटित हो रही है। सेक्टर एक थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 1 जनवरी 24 से अब तक 37 नाबालिग के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी, जिसमें 33 नाबालिक लड़कियां और 4 लड़के थे। इन घटनाओं को पुलिस ने बेहद गंभीरता से लेते हुए अब तक 30 नाबालिगों को ढूंढ कर परिजनों के हवाले किया है। वहीं पुलिस अभी भी 6 नाबालिग बालिकाओं और 1 बालक की तलाश कर रही है।
थाना प्रभारी संतोष कुमार दूधी ने बताया कि अपहरण के ज्यादातर मामलों में नाबालिग को बहला-फुसलाकर कर ले जाने की घटनाएं सामने आई हैं। यह एक गंभीर विषय है। पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र है और अधिकतर मजदूर वर्ग शहर में निवास करता है। ऐसे में परिजनों को प्रयास करना चाहिए कि अपने घर के नाबालिग बच्चों को समय दें और उनसे रोजाना दिनचर्या के विषय में चर्चा करे।
