- पुलिस ने बेटे-बेटी सहित तीन लोगों के खिलाफ दर्ज किया आपराधिक प्रकरण।
इंदौर। 58 साल के वृद्ध को पत्नी और बेटा-बेटी ने इतना सताया कि उसने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की। वृद्ध जहर खाकर थाने पहुंचा और पूरा घटनाक्रम बताया। पुलिस ने वृद्ध का उपचार करवाया और तीनों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण भी दर्ज कर लिया।टीआइ राजेश साहू के मुताबिक, घटना गंगा कालोनी की है। 58 वर्षीय जयपाल भाटिया जहरीला पदार्थ खाकर थाने आए थे। कथनों में बताया कि वे पत्नी लक्ष्मी, बेटा नरेश और बेटी मानसी से परेशान हो चुके हैं। तीनों मिलकर परेशान करते हैं। खाना-पानी भी नहीं देते हैं। घर से निकालने की कोशिश करते हैं। घर जाता हूं तो मारपीट की जाती है। पत्नी तो बेलन से पिटाई करती है। परेशान होकर जयपाल ने मंगलवार को कालानी नगर चौराहे पर जहरीला पदार्थ खा लिया। पुलिस ने उनका उपचार करवाया और गुरुवार रात तीनों के खिलाफ केस दर्ज किया।
बेटे-बहुओं से जान का खतरा, चारों पर एफआइआर
पुलिस ने एक अन्य वृद्धा की शिकायत पर दो बेटों और दो बहुओं के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है। आरोपित वृद्धा को परेशान करते थे। बहुओं से जान का खतरे की आशंका व्यक्त की गई थी। पुलिस के मुताबिक, शिकायत विजयश्री नगर निवासी 60 वर्षीय प्रेम बाई द्वारा की गई है। पुलिस ने बेटे अजय, विकास और बहू छाया व कविता के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी और सीनियर सिटीजन एक्ट 2009 के तहत केस दर्ज किया है।
