इंदौर शहर के वार्ड क्रमांक 82 के भाजपा पार्षद, नितिन उर्फ़ शानू शर्मा के खिलाफ एक महिला ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। इस मामले में पीड़ित महिला ने धारा 164 के तहत कोर्ट के समक्ष अपने बयान दर्ज करवाए हैं। द्वारकापुरी पुलिस जल्द ही पार्षद को गिरफ्तार करेगी।
द्वारकापुरी पुलिस ने वार्ड क्रमांक 82 के पार्षद, नितिन उर्फ़ शानू शर्मा के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। पार्षद शानू का पिछले दो सालों से एक महिला के साथ निजी संबंध था। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि जब वह आर्थिक समस्याओं से जूझ रही थी, तब उसकी मुलाकात पार्षद शानू से हुई थी। इस दौरान पार्षद ने उसकी आर्थिक मदद की, लेकिन इसके बदले में उसने महिला के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
शिकायत के बाद पुलिस ने पार्षद शानू के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया और गुरुवार को घटनास्थल पर जाकर तफ्तीश की। पुलिस ने पीड़ित महिला के बयान धारा 164 के तहत दर्ज किए हैं। अब पुलिस पार्षद शानू की तलाश में है।
