इंदौर में दीपोत्सव पर्व के दौरान पुलिस प्रशासन ने भी चाक-चौबंद व्यवस्था की है। 800 से ज्यादा पुलिस और ट्रैफिक जवानों को शहर की यातायात व्यवस्था और सुरक्षा की दृष्टि से लगाया है। इसमें थाने का बल भी विशेष रूप से अलग से काम करेगा। ताकि जनता को किसी तरह की परेशानी न हो।
एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया
शहर में प्रमुख चौराहा और सड़कों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। लगभग 800 पुलिसकर्मियों का बल तैनात रहेगा, जाे शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के साथ चेकिंग पॉइंट भी लगाएगा।
प्रमुख बाजार में नहीं जा सकेंगे वाहन
यातायात पुलिस ने मारोठिया बाजार, सराफा, कपड़ा मार्केट, राजबाड़ी और जेल रोड पर वाहनों को नहीं जाने के लिए बैरिकेड लगाए हैं। इसके साथ ही गलियों और रास्तों में पुलिस जवानों के साथ एक अफसर भी तैनात किया है। जिसमें भारी वाहन और दो पहिया वाहन 5 दीपावली की रात तक प्रवेश नही कर पाएंगे। इसके लिए इन रास्तों के बाहर ही आपको गाड़ी पार्क करना होगी। जिसमें गलियों और आसपास के कम घने इलाकों में वाहन पार्किंग हो सकेगी, इसमें सुभाष मार्ग पार्किंग और बजाज खाना चौक पार्किंग में भी गाड़ी पार्क कर सकते हैं।
बाइकर्स को लेकर बनेंगे चेकिंग पॉइंट
कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बाइकर्स और बुलेट पर पटाखे फोड़ने वालों के लिए सख्ती से मुहिम चलाने के निर्देश दिए हैं। जिसमें सभी थाना प्रभारियों को कार्यवाही करने की बात कही गई है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक यह चेकिंग दीपावली को देखते हुए लगातार जारी रहेगी।
