शहर में ऑनलाइन ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं । बदमाश अभी तक तो सिर्फ फोन पर ही ठगी करते थे लेकिन अब ताजा मामला सामने आया है जिसमे लोगों के पास पहुंचकर उनके फिंगरप्रिंट लेकर ठगी की घटना को अंजाम दिया जा रहा है । बदमाशो ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर पीड़ित के साथ धोखाधड़ी है । मामले में तेजाजी नगर पुलिस ने प्रकरण दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है ।
मामला तेजाजी नगर थाना क्षेत्र का है । बबलू पटेल असरावद स्थित एक फैक्ट्री में काम करता हैं । उसे चार जुलाई को फोन आया कि एचडीएफसी बैंक से बोल रहे हैं । आपके क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ गई है। यदि आप बढ़ाना चाहते हो तो कार्ड की जानकारी बताएं । इसके साथ ही दूसरे कार्ड की भी जानकारी ले ली और ओटीपी भी ले लिया । फिर इसके बाद केवाइसी वेरिफिकेशन करने के लिए एक आरोपी खुद पीड़ित के पास पहुंचा और उसने पीड़ित से फोटो, फिंगर प्रिंट और आधार कार्ड की जानकारी ली और यह बताया कि लिमिट 16 हजार से बढ़कर 2 लाख 10 हजार कर दी है । सात जुलाई को जब क्रेडिट कार्ड का बिल आया तो पता चला कि एचडीएफसी क्रेडिट कार्ड से 4685 रुपये और एसबीआई से 31900 रुपये डिडक्ट हुए हैं। तब पीड़ित को समझ आया कि उसके साथ 36 हजार की ठगी हुई है।
पुलिस की माने तो आरोपितों की लोकेशन दिल्ली के गाजियाबाद क्षेत्र की सामने आई है, जिसकी तलाशी की जा रही है ।
