इंदौर के तुकोगंज पुलिस ने 14 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया है बरामद माल की कीमत एक लाख से अधिक बताई जा रही है आरोपी ने खजराना से ड्रग्स लाना स्वीकार किया है। तुकोगंज थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह यादव ने बताया कि मुखबिर के द्वारा सूचना मिली थी कि क्षेत्र में स्थित पांडे के बगीचे के पास एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करने के लिए आने वाला है। इस पर घेराबंदी कर आदर्श पिता संतोष पाल निवासी वेंकटेश नगर को पकड़कर जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से थैली में रखी 14 ग्राम एचडी ड्रग्स बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी आदर्श ने बताया कि उसने ये ड्रग्स खजराना के किसी शाहरुख नामक व्यक्ति से लिया था। फिलहाल पुलिस अब शाहरुख की तलाश में जुटी है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
