तीन बदमाशों ने की चाकूबाजी:घर में घुसकर युवक को पीटा, चाकू मारा, चेन लूटी

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

चंदन नगर में रिटायर्ड नगर निगम अधिकारी के घर सोमवार दोपहर घुसकर तीन बदमाशों ने चाकूबाजी की। बदमाश अधिकारी के घर पहुंचे और उनके बेटे से विवाद किया। बेटा घर में गया तो बदमाश चाकू लेकर घर में घुसे और उस पर हमला कर दिया। बीच बचाव में घर की एक महिला से धक्का-मुक्की की और उनके गले से सोने की चेन झपट ली। यह घटना घर के सामने लगे एक कैमरे में कैद हुई है। फुटेज में बदमाश साफ नजर आ रहे हैं।

टीआई इंद्रमणि पटेल ने बताया कि घटना ग्रीन पार्क कॉलोनी की है। यहां रहने वाले रियाजुद्दीन कुरैशी ने बताया कि उनका बेटा जैद (30) गेट पर खड़ा था। तभी बाइक पर तीन बदमाश आए और बेटे को धमकाने लगे कि तू हमारी मां-बहनों को घूरकर क्यों देखता है। जैद ने कहा मैं अपने घर के बाहर खड़ा रहता हूं। मैंने किसी को नहीं घूरा। इसके बाद बदमाशों ने चाकू निकालकर जैद को जान से मारने की धमकी दी। चाकू देख बेटा घर के अंदर भाग तो बदमाश भी घर में घुसे और मारपीट कर उसके पैर में चाकू मार दिया।

मुखबिरी की शंका में 2 पक्षों में चाकूबाजी
परदेशीपुरा इलाके में सोमवार रात रोड नंबर 2 पर मुखबिरी की शंका में दो पक्षों में चाकूबाजी हो गई। पुलिस ने आकाश कानोड़िया की रिपोर्ट पर आयुष शाक्यवार, उदय मोहनिया, पवन अनोखे और अनुज चौहान पर केस दर्ज किया है। आरोपियों ने आकाश के चेहरे पर चोट पहुंचाई। दूसरे पक्ष की ओर से रितिक अनोठे ने आकाश, देवेंद्र और हिमांशु कानोड़िया पर केस दर्ज करवाया है। आरोपियों ने आयुष के बारे में पूछा। अनभिज्ञता जताने पर मारपीट कर दी और एक वाहन फोड़ दिया।

मजाक-मस्ती में नाबालिग को चाकू मारा-
चंदन नगर पुलिस के मुताबिक सोमवार शाम लक्ष्मी नगर में 13 वर्षीय मुजम्मिल दोस्त फैजान के साथ किराना दुकान के सामने मजाक कर रहा। तभी आरोपी आकिब आया और बोला तू किस पर हंस रहा है। मैंने कहा हम लोग अपनी बात पर हंस रहे हैं। इस पर वह गालियां देने लगा। मैंने विरोध किया तो उसने मेरे पैर में चाकू मार दिया।

- Advertisement -
Exit mobile version