तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की वारदात:परिवार सुंदरकांड में गया था, घर में घुसे चोर, आभूषण व सामान ले गए

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

शहर में तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की वारदात हुई। बदमाश आभूषण, नकदी सहित गृहस्थी का सामान चुराकर ले गए। गांधी नगर में सरकारी महिला कर्मचारी के घर चोरी हुई। महिला परिवार के साथ सुंदर कांड में शामिल होने ससुराल गई थी। वापस आई तो आभूषण और अन्य सामान गायब मिला। वहीं राजेंद्र नगर में किराए से रहने वाले व्यक्ति के घर बदमाशों ने हाथ साफ किया।
पुलिस के मुताबिक सिंगापुर लाइफ स्टाइल कॉलोनी में रहने वाले राजदुलारी परिहार की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया गया। राजदुलारी ने बताया कि वह सरकारी नौकरी करती है। यहां पर माता-पिता और बच्ची के साथ रहती है। शनिवार को गौरी नगर स्थित ससुराल में सुंदरकांड का प्रोग्राम था। वहां गई हुई थी। रात करीब 2 बजे वापस आई तो मेन गेट का ताला टूटा मिला। अंदर अलमारी में रखी सोने की चेन, सोने की लटकन, सोने की बालियां, अंगूठियां, चांदी के जेवर और अन्य सामान गायब था। पुलिस ने आसपास के फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू की है।
छिंदवाड़ा गए परिवार के घर में घुसे चोर : राजेंद्र नगर क्षेत्र में रंजीत राउत ने चोरी का केस दर्ज कराया है। राउत ने बताया कि उनके जीजा कमलेश जवाहर नगर में किराए से रहते हैं। वह जरूरी काम से छिंदवाड़ा गए हैं। उनके मकान मालिक ने उन्हें कॉल कर चोरी की जानकारी दी। वे पहुंचे तो बरामदे में खड़ी उनकी बाइक गायब थी। घर से होम थिएटर, गैस की दो टंकियां, गृहस्थी का सामान भी चोर ले गए।
चंदन नगर क्षेत्र के नंदन नगर में रहने वाले मोहम्मद साकिब खान के यहां चोरी की वारदात हुई। वह रसोई बनाने का काम करते हैं। बदमाश उनके घर से सोने की कान की बालियां, चांदी के जेवर और नकदी पर चुराकर ले गए। साकिब ने बताया कि वह परिवार के साथ भानजी के यहां प्रोग्राम में गए थे।

Exit mobile version