शहर में दो अलग-अलग लोगों ने मौत को गले गला लिया। बीबीए सेकंड ईयर के छात्र ने टीवी की तेज आवाज कर घर में फांसी लगा ली तो 11वीं की छात्रा बुआ और भाई के काम पर जाने के बाद फंदे पर झूल गई। दोनों ही नानी के घर से लौटे थे। मौत का कारण पता नहीं चला है। पुलिस जांच कर रही है।
जूनी इंदौर पुलिस के अनुसार बीबीए सेकंड ईयर के 21 वर्षीय छात्र विशाल पिता अनिल वाधवानी निवासी जीवनदीप कॉलोनी ने शनिवार को फांसी लगा ली। विशाल इल्वा कॉलेज का छात्र था। परिजन ने बताया कि विशाल 16 दिन पहले नानी के यहां बुरहानपुर गया था। शनिवार सुबह 6 बजे ही इंदौर लौटा था। फिर दोपहर में खाना खाने के बाद अपने कमरे में चला गया। तेज वॉल्यूम में टीवी देख रहा था। करीब 5 बजे विशाल की मां उसे टीवी की आवाज कम करने के लिए बोलने उसके कमरे तक पहुंचीं, लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। फिर परिजन को बुलाया तो पता चला कि विशाल फंदे पर लटका है। तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दो दिन पहले पिता नानी के यहां से बुआ के घर छोड़ गए थे
भोपाल में रहने वाली 11वीं की छात्रा ने आजाद नगर इलाके में रहने वाली बुआ के घर पर शनिवार शाम को फांसी लगा ली। दो दिन पहले ही उसे पिता ओंकारेश्वर में रहने वाली नानी के यहां से लाकर बुआ के घर छोड़ गए थे। फिलहाल आत्महत्या का कारण पता नहीं चला है। आजाद नगर पुलिस के अनुसार शिव नगर में रहने वाले एक परिवार के यहां पर शनिवार को 17 वर्षीय काजल पिता जितेन्द्र डाप्टे निवासी भोपाल ने फांसी लगा ली। भाई सुभाष ने पुलिस को बताया कि हम काम पर से लौटे तो वह फंदे पर लटकी मिली।
