छोटी बात पर बड़ा विवाद:डबल मर्डर के आरोपी व उसके साथियों ने परदेशीपुरा में दुकान में घुसकर नमकीन व्यापारी का सिर फोड़ा

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

परदेशीपुरा इलाके में सड़क किनारे कार पार्क करने को लेकर नमकीन व्यापारी और पड़ोसी कपड़ा व्यापारी के परिवार में विवाद हो गया। एक पक्ष ने नमकीन व्यापारी की दुकान में घुसकर तोड़फोड़ कर हमला कर दिया। बोतलें फेंककर एलईडी फोड़ दी। कोल्ड ड्रिंक की बोतल फेंककर व्यापारी का सिर फोड़ दिया। पूरे घटनाक्रम का फुटेज सामने आया है। बताया जा रहा है कि इसमें से एक आरोपी तीन साल पहले भंवरकुआं इलाके में हुए दोहरे हत्याकांड में फरार चल रहा है।
पुलिस ने व्यापारी राजेंद्र गोयल (68) निवासी सर्वहारा नगर की शिकायत पर आरोपी गुल्ला चौकसे, उसका जीजा सोनू और अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना रविवार शाम की है। फरियादी राजेंद्र ने बताया कि मेरी आशीष ट्रेडर्स नाम से नमकीन की दुकान है। सर्वहारा नगर में मेरे घर के बाहर मेरी कार हमेशा खड़ी रहती है। इसे लेकर गुल्ला, उसका जीजा सोनू जायसवाल व अन्य साथियों ने आपत्ति उठाई।
बोले यहां से कार हटाओ। मैंने कहा यह तो लंबे समय से यहीं पार्क होती है। सोनू बोला अब यहां हमारी कार खड़ी होगी तो मैंने कहा बाद में हटा लूंगा। इसी बात पर गुल्ला व सोनू गालियां देने लगे। मैंने विरोध किया तो सभी आरोपियों ने थप्पड़ मारते हुए मुझ पर हमला कर दिया।
दुकान से सामान उठाकर फेंकने लगे- आरोपी इतने आक्रोशित हो गए कि दुकान में घुसकर सामान उठा-उठाकर फेंकने लगे। मेरी दुकान में रखी कोल्ड ड्रिंक की बोतलें मारकर टीवी तोड़ दिया। एक बदमाश ने कोल्ड ड्रिंक की बोतल मारकर मेरा सिर फोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने मेरा मोबाइल तोड़ दिया। मेरा चिल्लाना सुनकर लोग जमा होने लगे तो सभी बदमाश वहां से जाने लगे। जाते-जाते बोले कि आज तो बच गया तू।
घर के सामने खड़ी कर देते हैं कार- राजेंद्र गोयल और उनके बेटे के खिलाफ सामने वाले पक्ष ने भी क्रॉस कंप्लेंट दर्ज कराई है। दूसरे पक्ष ने बताया कि पास में उनकी दुकान व घर है। उनके घर के सामने राजेंद्र अपनी कार खड़ी कर देता है, जिससे दिक्कत होती है। इस बात को लेकर हम बात करने पहुंचे थे। तब पिता-पुत्र ने धमकी देकर भगा दिया।
फरार आरोपी का हमले में नाम परदेशीपुरा में हुए विवाद के आरोपी गुल्ला का नाम पालदा में हुए हत्याकांड में सामने आया था। तब संतोष दुधी भंवरकुआं टीआई थे, उन्होंने गुल्ला का नाम फरारी में डाला था। वर्तमान टीआई राजकुमार यादव के अनुसार गुल्ला तीन साल से फरार है, उसकी तलाश जारी है। मामले में परदेशीपुरा टीआई पंकज द्विवेदी के अनुसार गुल्ला के खिलाफ परदेशीपुरा, हीरानगर में भी मारपीट के केस दर्ज हैं।

TAGGED:
Exit mobile version