- शनिवार को परदेशीपुरा स्थित लाल गली में वाइन शॉप के कर्मचारी को आरोपितों ने चाकू मार दिया था। यहां आए दिन छेड़छाड़ होती है।
इंदौर। महिलाओं-बच्चियों के साथ होने वाली छेड़छाड़, अवैध वसूली, मादक पदार्थों की तस्करी और चाकूबाजी से परेशान लाल गली रहवासी संघ ने मंगलवार को परदेशीपुरा थाना घेरा। पुलिस के विरुद्ध नारेबाजी की और टीआइ पंकज द्विवेदी और एसआइ कमल रघुवंशी को निलंबित करने की मांग की। जोन-2 के डीसीपी अभिनय विश्वकर्मा ने ज्ञापन लेकर 15 दिन में जांच करने का आश्वासन दिया है।
परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में शनिवार रात वाइन शाप के कर्मचारी राजा शंकर ठाकुर (भागीरथपुरा) पर आरोपित सादिक उर्फ सद्दू पठान और अल्फेज कुरैशी ने जानलेवा हमला कर दिया था। इस घटना को लेकर बड़ी संख्या में लालगली (परदेशीपुरा) रहवासी संघ (महिला-पुरुष) हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। रहवासियों ने कहा कि हिंदू महिलाओं-बच्चियों के साथ आए दिन घटनाएं हो रही हैं। क्षेत्र में गांजा, स्मैक, ब्राउन शुगर जैसे मादक पदार्थों की बिक्री होती है। सब पुलिस के संरक्षण में होता है।
पुलिस ने कार्रवाई नहीं की इसलिए हत्या हो गई
एक वर्ष पूर्व ट्रांसपोर्टर सचिन शर्मा की लोहा मंडी में चाकू मारकर हत्या हुई थी। हमलावरों ने सचिन पर दो दिन पूर्व भी हमला किया था। परदेशीपुरा पुलिस ने कठोर कार्रवाई नहीं की और सचिन की हत्या हो गई। एक आरोपित मोईन खान ने हिंदू युवती के साथ आपत्तिजनक हरकत की। जमानत पर छूटने के बाद उसने कालोनी में जश्न मनाया। लाल गली में बांग्लादेशी युवक भी रहते हैं। अवैध गतिविधियां पुलिस के संरक्षण में हो रही है। गुंडे एसआइ कमल रघुवंशी और टीआइ का नाम लेते हैं। दोनों पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिसकर्मियों की मिलीभगत पर होगी कार्रवाई
जोन-2 के डीसीपी अभिनय विश्वकर्मा और एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने रहवासियों को समझाया और कहा कि राजा पर हमला करने वाले दो आरोपितों को पकड़ लिया है। तीसरा आरोपित सादिक भी हिरासत में आ गया।पुलिसकर्मियों की मिलीभगत मिली तो सख्त कार्रवाई होगी। डीसीपी ने 15 दिन का समय दिया है।
