चाकूबाजी; पुलिस को देख भागे आरोपी, गिरने से टूटे हाथ-पैर:जेल रोड स्थित चाय दुकान पर धक्का लगा तो 6 युवकों ने गुंडे को घोंपे चाकू

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

सोमवार को सभी का निकाला जुलूस, एक नाबालिग भी शामिल
अलका-ज्योति टॉकिज के पास चाय पीने के दौरान एक गुंडे के साथी को वहां खड़े नाबालिग का धक्का लग गया। विवाद बढ़ा तो नाबालिग और उसके साथियों को गुंडा धमकाने लगा। तभी नाबालिग और उसके 5 साथियों ने गुंडे को चाकू घोंप दिया। वहां खड़े लोगों ने उसे अस्पातल में भर्ती करवाया। पुलिस ने अगले दिन सभी आरोपियों का जुलूस निकाला। पुलिस को देख भागे आरोपियों के गिरने-पड़ने से हाथ-पैर टूट गए हैं।
एमजी रोड टीआई विजय सिसोदिया के अनुसार फरियादी सोहेल अली (21) निवासी साउथ गाडराखेड़ी की शिकायत पर राजू ठाकुर, रोशन मुनावत, यश गोयल, विशाल पाल, अतुल मिश्रा और एक नाबालिग आरोपी (सभी निवासी बाणगंगा) के खिलाफ चाकूबाजी, मारपीट और हत्या का केस दर्ज किया गया है। इन बदमाशों के द्वारा किए गए हमले में बाणगंगा का आदतन कुख्यात बदमाश सूरज कश्यप उर्फ टुंडा (23) जख्मी हुआ है। घटना रविवार रात 11 बजे की है।
पहले तो घेर लिया फिर पेट व पीठ पर चलाए चाकू
सोहेल ने बताया कि वह सूरज के साथ अलका-ज्योति टॉकिज के सामने एक दुकान पर चाय पीने गया था। उसी दौरान नाबालिग सहित 6 युवक भी वहां चाय पी रहे थे। जैसे ही नाबालिग का धक्का मुझे लगा, मैंने उसे समझाना चाहा तो वह गालियां देने लगा। तभी सूरज बचाव करने बीच में आया तो आरोपियों ने सूरज को बुरी तरह पीट दिया। फिर नाबालिग के साथी राजू ठाकुर ने सूरज के पेट व पीठ पर चाकू मार दिए। सूरज लहूलुहान होकर वहीं गिर गया।
सूरज ने सोचा मार देगा, लेकिन खुद पर हो गया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपी और फरियादी पहले से एक-दूसरे को जानते हैं। सभी बाणगंगा इलाके के रहने वाले हैं। जब सूरज के दोस्त सोहेल को धक्का लगा तो उसने सोचा कि युवकों को वह मारेगा। उसने आरोपियों पर हमला करना चाहा, लेकिन आरोपी 6 थे, इसलिए वे भारी पड़ गए।
सूरज का है आपराधिक रिकॉर्ड, पांच केस दर्ज हैं उस पर
टीआई के अनुसार आरोपी सूरज के खिलाफ पांच से ज्यादा अपराध दर्ज हैं। हाल ही में वह हत्या के प्रयास वाले मामले में जेल से छूटा है। उधर, सोमवार को सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। अफसरों ने बताया कि पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन पकड़ लिया। फिर उन्हें घटनास्थल पर लाकर जुलूस निकाला।

TAGGED:
Exit mobile version