गैंगस्टरों के खिलाफ बेबाकी से खबर प्रकाशित करना एक अखबार के प्रधान संपादक के लिए घातक साबित हो गया। शादी समारोह में शामिल हुए गैंगस्टर सतीश भाऊ और उसके गुर्गों ने कहासुनी के दौरान खुलासा फर्स्ट के प्रधान संपादक अंकुर जयसवाल पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले के तुरंत बाद अंकुर जायसवाल को उनके साथी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, पत्रकार पर हुए हमले की जानकारी के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घायल से मिलने अस्पताल पहुंचे।
पुलिस प्रशासन की सख्ती के बावजूद गुंडे, बदमाश, गैंगस्टर खुलेआम अपराध कर रहे है। बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित एचआर ग्रीन्स में कल रात शादी समारोह में खुलासा फर्स्ट के प्रधान संपादक अंकुर जायसवाल अपने भाई मधुर जायसवाल सहित अन्य दोस्तों के साथ गए थे। समारोह में गैंगस्टर सतीश भाऊ सहित गब्बर चिकना, शिब्बू जादौन, अमित जादौन, कमल जादौन और उसके करीब 25-30 गुर्गे भी शामिल थे। समारोह से निकलने के दौरान एंट्री गेट पर रात करीब 11:30 बजे सतीश भाऊ और अंकुर जायसवाल की खुलासा फर्स्ट में छपी खबरों को लेकर कहासुनी हो गई। इसपर गैंगस्टर सतीश भाऊ के गुर्गे शिब्बू जादौन, अमित जादौन, कमल जादौन सहित करीब 20 से 25 बदमाशों ने अंकुर को लात-घुसों से मारना शुरू कर दिया। बीच बचाव करने आए लवली नाम के व्यक्ति ने जैसे-तैसे उनको अलग किया, लेकिन तब तक अंकुर के साथ मारपीट हो चुकी थी। विवाद की आवाज सुनकर उनके भाई मधुर सहित अन्य दोस्त आए लेकिन तब तक बदमाश भाग चूके थे। इसपर अंकुर के साथियों ने पुलिस को सूचना दी और निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनको आईसीयू में भर्ती कराया है। हादसे की जानकारी लगते ही आला अधिकारी अमित सिंह अंकुर से मिलने अस्पताल पहुंचे। वहीं, बाणगंगा पुलिस ने देर रात आरोपियों के खिलाफ 307 का प्रकरण दर्ज कर लिया है।
