इंदौर नगर निगम में करोड़ों का ड्रेनेज घोटाला सामने आने के बाद कांग्रेस प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने एक और घोटाला उजागर किया है, राकेश यादव ने इंदौर नगर निगम में बोरिंग के पाइप लाइन बदलने के नाम पर 65 करोड रुपए का घोटाला किए जाने का आरोप लगाया है। इस मामले में उन्होंने राज्य आपराधिक ब्यूरो के साथ-साथ लोकायुक्त में भी शिकायत दर्ज कराई है।
राकेश यादव ने मीडिया के माध्यम से आरोप लगाते हुए बताया कि इंदौर नगर निगम के शहर में करीब साढे पांच हजार से अधिक बोरिंग है। जिनसे शहर के विभिन्न इलाकों में पीने का पानी सप्लाई किया जाता है। जिनके मेंटेनेंस के लिए पिछले 10 वर्षों से उल्लास जैन नामक एक ही व्यक्ति को काम सोपा गया है। जबकि जल यंत्रालय के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर संजय श्रीवास्तव भी इस घोटाले में शामिल है जिन्होंने मिलकर बोरिंगो की न सिर्फ मोटर बदल दी बल्कि लोहे के पाइप निकालकर सभी बोरिंग में पीवीसी के पाइप डाल दिए है। राकेश यादव का आरोप है कि करीब साढे 16 करोड रुपए के लोहे के पाइप निकालकर बेच दिए गए और पाइप बदलने के नाम पर नगर निगम से साढे 18 करोड रुपए की राशि भी वसूली गई है। यादव ने इस मामले में राज्य अपराधिक ब्यूरो के अलावा लोकायुक्त पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है।
